दंतेवाड़ा। नगरपालिका उपाध्यक्ष के खिलाफ दंतेवाड़ा की एक नाबालिग लड़की ने सामूहिक मारपीट, छेड़छाड़ व जान से मारने की धमकी की लिखित शिकायत शहर के कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। पीडि़ता के मुताबिक दंतेवाड़ा नगर पालिका उपाध्यक्ष का नौकर उसे छेड़ता था। इस बात की शिकायत पीडि़ता ने कई बार नगर पालिका के उपाध्यक्ष से भी की थी। गुरुवार 5 अप्रैल को पालिका उपाध्यक्ष का नौकर पीडि़ता और उसकी माँ के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट करने लगा। इसी दौरान दंतेवाड़ा नगर पालिका उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप वहां पहुंचे और उन्होंने अपने नौकर को पीडि़ता को मारने के लिए उकसाया। पीडि़त के अनुसार धीरेंद्र प्रताप ने यहाँ तक कहा कि उसके जैसी लड़की को जान से मार देना चाहिये।
पीडि़ता के मुताबिक उपाध्यक्ष का नौकर उसे अश्लील एसएमएस भी भेजा करता था। नाबालिग पीडि़ता ने आरोप लगाया है कि पालिका उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप के अलावा महेंद्र प्रताप और मनीष ने मिलकर पीडि़ता और उसकी माँ के साथ मारपीट की है। पीडि़त ने सुरक्षा की मांग भी की है और उसे या उसके परिवार के किसी सदस्य को किसी तरह की हानि होने पर उपाध्यक्ष जवाबदार होंगे। नाबालिग लड़की से मिली उत्पीडऩ की शिकायत पर दंतेवाड़ा पुलिस ने आरोपी धीरेन्द्र प्रताप, महेंद्र प्रताप और मनीष के खिलाफ आईपीसी की धारा 294, 323, 506, 509, 34, 11.12 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। पोक्सो एक्ट के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
यहाँ भी देखे – अपने साथ हुई ‘ज्यादती’ का सबूत बैग में लेकर पहुंची नाबालिग तब जागी पुलिस…
Add Comment