छत्तीसगढ़ के रायपुर में कलयुगी बेटे ने हथौड़े से हमला करके अपनी ही मां की जान ले ली। फिर मौके से फरार हो गया। मामला मुजगहन थाना क्षेत्र के टेकारी गांव का है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है। कुछ दिन पहले वह अस्पताल में भर्ती भी हुआ था। वहीं मृतका का पति चौकीदार हैं।पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि आरोपी को नशे की लत थी. वह आए दिन शराब के लिए मां से पैसे मांगता था। इसी बात को लेकर अक्सर दोनों में विवाद भी होता था। वह सुबह 10 बजे बेटे के लिए खाना बना रही थी। तभी बेटे ने मां पर हथौड़े से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इससे फूलबाई की मौके पर ही मौत हो गई।