केंद्रीय महिला एवं बाल विकास और अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ पहुंच रही हैं। वे रायपुर रायपुर पहुंचेंगी। यहां से उन्हें सड़क मार्ग से बिलासपुर जाना है। भाजपा ने बिलासपुर के नेहरु चौक पर महतारी हुंकार रैली नाम से बड़ी जनसभा का आयोजन किया है। स्मृति उसकी मुख्य वक्ता होंगी।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय प्रभारी रजनीश शुक्ला ने बताया, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सुबह 8.45 की नियमित उड़ान से रायपुर पहुंचेंगी। वहां भाजपा के स्थानीय नेता-कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। स्मृति ईरानी को कार से भाजपा के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर ले जाया जाएगा। वहां से वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के बाद सभी लोग बिलासपुर जाएंगे। केंद्रीय मंत्री बिलासपुर के छत्तीसगढ़ भवन जाएंगी। वहां पर 1.30 बजे जगमल चौक स्थित पटेल मैदान से महतारी हुंकार रैली का नेतृत्व करेंगी। यह रैली नेहरू चौक जाकर एक जनसभा में बदल जाएगा। स्मृति ईरानी को इस जनसभा में मुख्य वक्ता के तौर पर बुलाया गया है। रैली के बाद स्मृति ईरानी वापस रायपुर होकर दिल्ली लौट जाएंगी। भाजपा ने महतारी हुंकार रैली में भीड़ जुटाने के लिये पूरी ताकत झोंक रखी है। सभी प्रमुख नेता अलग-अलग क्षेत्रों में मोर्चा संभाले हुए हैं।
भाजपा का दावा-यह रैली राज्य सरकार के खिलाफ शंखनाद
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता रंजना साहू और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा है, कांग्रेस के राज में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ा है। उनके कुपोषण एनीमिया में भारी वृद्धि हुई है। इस मामले में कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को देश में पहले स्थान पर ला दिया है। प्रदेश की महिलाओं को उत्पीड़न से बचाने भाजपा महिला मोर्चा सरकार के खिलाफ सड़क पर शंखनाद कर रहा है। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति कांग्रेस सरकार का प्रतिकार करेगी। यह महतारी हुंकार रैली कांग्रेस सरकार के सफाये का आधार बनेगी।
कांग्रेस ने स्मृति ईरानी से पूछे आठ सवाल
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने स्मृति ईरानी से सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा, जब खाद्य तेल, सरसों के तेल की कीमत, शक्कर, आटा, दालों की कीमत आज की अपेक्षा आधी थी तब स्मृति को महंगाई अधिक लग रही थी।
आज देश में महंगाई बेतहाशा बढ़ गई है स्मृति क्यों चुप हैं? पूर्ववर्ती सरकार में जब झलियामारी जैसी घटनाओं में बच्चियों से दुराचार हो रहा था तत्कालीन सरकार एफआईआर भी नहीं दर्ज कर रही थी तब स्मृति क्यों मौन थीं?
रमन राज में जब छत्तीसगढ़ से 27 हजार से अधिक महिलाएं लापता थी तब स्मृति कहां थीं?
जब प्रदेश में हर दिन एक दुराचार की घटना होती थी, और तीसरे दिन सामूहिक दुराचार की घटना होती थी तब स्मृति कहां थीं?
हिड़मा मड़कम, मीना खल्को के साथ हुई दरिंदगी पर आप क्यों चुप थीं?
मोदी सरकार के गलत नीतियों के चलते देशभर में 1 करोड़ 50 लाख महिलाओं के हाथ से रोजगार छीना गया है, उन हाथों को रोजगार दिलाने स्मृति ईरानी क्या प्रयास किया?
गुजरात में भाजपा सरकार ने सजायाफ्ता 11 रेप के आरोपियों को जेल से रिहा किया है, स्मृति ईरानी उस दौरान मौन क्यों थी?
कठुआ उन्नाव में आपकी संवेदना कहां मर गई थी?
मध्य प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती शराबबंदी के लिए आंदोलन कर रही हैं, क्या स्मृति ईरानी उमा भारती के समर्थन में आंदोलन में शामिल होंगी?
Add Comment