प्रदेश के चार नगर निगमों में महापौर और सभापति के चुनाव आज से शुरु हो जाएंगे। सोमवार को चरौदा नगर निगम का चुनाव होगा। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित इस निगम से निर्मल कोसरे का महापौर और ईश्वर साहू का सभापति बनना लगभग तय है। हालांकि क्रास वोटिंग से बचने के लिए कांग्रेस ने पार्षदों की कड़ी घेराबंदी कर रखी है क्योंकि भाजपा ने भी यहां के लिए अपने पर्यवेक्षक भी मैदान में उतार दिए हैं।
हालांकि चुनाव के नतीजे आने के बाद से कांग्रसे ने निर्दलीय पार्षदों की बाड़ेबंदी करते हुए पहले उन्हें रायपुर के एक होटल में रखा गया। उसके बाद पुरी लेकर गए और वहां उनका पूरा अज्ञातवास बीता। इसके बाद रविवार देर शाम सभी पार्षद वापस रायपुर लौटे जहां उन्हें एक निजी होटल में ठहराया गया है। इन सभी पार्षदों को सोमवार को वोटिंग के लिए भिलाई ले जाया जाएगा। इसी तरह चार जनवरी को बीरगांव नगर निगम में चुनाव होगा जहां से महापौर के लिए नंदलाल देवांगन का नाम सबसे आगे है।
40 पार्षद लेंगे शपथ
सोमवार सुबह 10 बजे सभी 40 पार्षदों को शपथ ग्रहण कराया जाएगा। इसमें शामिल होने के लिए पार्षद सीधे भिलाई-3 कार्यालय पहुंचेंगे। 40 में से 19 पार्षद कांग्रेस के हैं। 4 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन उसे मिला है। इस लिहाज से कांग्रेस का महापौर और सभापति के पद पर कब्जा होना तय है। फिर भी क्रास वोटिंग की संभावना को देखते हुए मतगणना के बाद से उनकी बाड़ेबंदी की गई।
एक ही दिन में कलेक्टर कराएंगे चुनाव
बीरगांव निगम के महापौर और सभापति का चुनाव कलेक्टर सौरभ कुमार कराएंगे। निगम दफ्तर के सभागार में सुबह 10.30 से 11.30 बजे तक नए पार्षदों को शपथ दिलाई जाएगी। 11.30 से 12 बजे तक महापौर के उम्मीदवार नामांकन जमा करेंगे। 15 मिनट में नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 12.15 से 1 बजे तक 40 पार्षद मतदान करेंगे। मतदान के तुरंत बाद वोटों की गिनती कर नतीजा बता दिया जाएगा। महापौर का चुनाव के बाद सभापति चुना जाएगा। दोपहर 2 से 2.30 बजे तक नामांकन जमा होंगे। नामांकनों की जांच के बाद 2.45 से 3.30 बजे तक मतदान होगा। आधे घंटे बाद 4 बजे तक सभापति के नाम की घोषणा होगी।
Add Comment