छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में मंगलवार को नक्सलियों ने कांग्रेस विधायक चंदन कश्यप के काफिले को निशाना बनाने का प्रयास किया। उनकी सुरक्षा में तैनात जवान (रोड ओपनिंग पार्टी ROP) पर घात लगाए नक्सलियों ने हमला कर दिया। इस मुठभेड़ में ITBP के जवान शिव कुमार मीणा शहीद हो गए। वहीं ASI घायल हुए हैं। नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप का इस इलाके में आज दौरा भी था। बस्तर IG सुंदरराज पी. ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, जिले में मुठभेड़ आमदई और शिव मंदिर के बीच हुई है। विधायक चंदन कश्यप का मंगलवार को स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात और बातचीत करने वाले थे। इसे लेकर थाना छोटेडोंगर से ITBP 45वीं बटालियन के जवान ROP ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। अभियान के दौरान सुबह करीब 10 बजे कैंप अमदई घाटी में डोंगर हिल्स की ओर जाने वाले मोड़ के पास पहले से घात लगाए नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई।
शहीद जवान राजस्थान का रहने वाले
मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए ITBP के जवान शिव कुमार मीणा राजस्थान के रहने वाले थे। घायल ASI को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। करीब एक घंटे से ज्यादा चली मुठभेड़ के बाद नक्सली वहां से भाग निकले। इस मुठभेड़ में नक्सली मारे गए हैं या नहीं, इस संबंध में अभी जानकारी सामने नहीं आ सकी है। फिलहाल अफसरों की ओर से इस संबंध में ज्यादा जानकारी अभी नहीं दी गई है।
भीमा मंडावी की तरह निशाना बनाने की कोशिश!
नक्सलियों ने दंतेवाड़ा के भाजपा विधायक भीमा मंडावी की विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हत्या कर दी थी। 9 अप्रैल 2019 को नकुलनार-बचेली मार्ग पर श्यामगिरी गांव के पास IED विस्फोट किया गया।
इसके बाद नक्सलियों ने फायरिंग की। इसमें विधायक भीमा मंडावी समेत CAF के 4 जवान शहीद हुए थे। फिलहाल अफसर अभी जांच कर रहे हैं। वहीं विधायक चंदन कश्यप की सुरक्षा की फिर से समीक्षा की जाएगी। विधायक चंदन कश्यप ओरछा पहुंच गए। अब वे हेलीकॉप्टर के जरिए नारायणपुर आएंगे।
Add Comment