रायपुर। छत्तीसगढ़ में घरेलू विमान सेवा को बड़ा झटका लगा है। ओडिशा एयरलाइंस की रायपुर से जगदलपुर चलने वाली फ्लाइट बंद कर दी गई है। एयरपोर्ट अथारिटी ने एयर ओडिशा के साथ अनुबंध रद्द कर दिया है। 19 नवंबर को इसका फैसला लिया गया है। अब एयर ओडिशा की कोई भी सेवा छत्तीसगढ़ में नहीं चलेगी।
दोनों के बीच हुए समझौते के तहत तीन महीने या 6 महीने के अंदर 70 प्रतिशत उड़ानें भरनी थी। लेकिन कंपनी मुश्किल से 15 प्रतिशत ही उड़ाने भरी हैं। कंपनी को कई बार नोटिस भिजवाया, कारण पूछा लेकिन उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
इसके बाद एयरपोर्ट अथारिटी ने रायपुर-जगदलपुर विमान सेवा बंद करने का फैसला किया। प्रदेश में एयर ओडिशा की फ्लाइट सेवा इसी साल 14 जून से शुरू की गई थी। लगभग सवा महीने से फ्लाइट बंद है।
विशाखापट्टनम तक चलाने की थी योजना
रायपुर जगदलपुर विमान सेवा को जगदलपुर से विशाखापटनम तक चलाने की योजना बनाई गई थी। पहले तो लाइसेंस मिलने में देरी हुई जब लाइसेंस मिला तो जगदलपुर से विशाखापट्टनम के लिए यात्री ही नहीं मिले। इसलिए इस योजना को ही बंद कर दी गई।
इसके बाद भुनेश्वर से रायपुर और रायपुर से जगदलपुर का रूट तय किया गया। रायपुर से भुनेश्वर और भुनेश्वर से रायपुर के लिए भी यात्री नहीं मिले। रायपुर से जगदलपुर के लिए ही टिकटों की बुकिंग हो रही थी। इसमें भी 21 सीटर प्लेन में छह से आठ यात्री ही मिल रहे थे। इससे कंपनी का मेंटेनेंस का खर्च भी नहीं निकल रहा था। इसी वजह से कंपनी नियमित तौर पर फ्लाइट नहीं चला पा रही थी।
पार्टनशिप में विवाद बना वजह
बताया गया कि ओडिशा एयरलाइंस के दो पार्टनरों में विवाद चल रहा है। कंपनी का एक पार्टनर पूरे शेयर बेचना चाहता है और दूसरा इसके पक्ष में नहीं है। इस वजह से उनके बीच विवाद खड़ा हो गया है। दोनों में आपसी विवाद के कारण ही कंपनी का संचालन बेहतर तरीके से नहीं हो पा रहा है। कर्मचारियों को वेतन भी समय पर नहीं दिए जाने की सूचना है। इसी महीने रायपुर स्टेशन मैनेजर ने भी इस्तीफा दे दिया था।
यह भी देखे : बच्चों को स्कूल ले जा रही वाहन की यात्री बस से भिड़ंत…ड्राइवर समेत 7 बच्चों की मौत…
Add Comment