
रायपुर में करोड़ों रुपए की ठगी के आरोपी और कारोबारी दीपक टंडन की पुलिस रिमांड सोमवार को 2 दिन के लिए बढ़ा दी गई। जांच के दौरान पुलिस 23 नवंबर की रात दीपक टंडन को लेकर तेलीबांधा स्थित उसके होटल वेलकम श्री पहुंची।
तलाशी में यहां लेडीज अंडरगारमेंट्स, शराब की बोतलें, कंडोम और सिगरेट के पैकेट मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, होटल करीब 6 महीने से बंद था। इसके बावजूद कमरों में ये चीजें मिलीं। होटल के अंदर संचालित स्पा से भी कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों के एंगल से भी जांच कर रही है।
कस्टमर की डायरियों की होगी जांच
पुलिस अब कस्टमर की डायरियों में दर्ज नामों, मोबाइल नंबरों और लेनदेन की जानकारी खंगाल रही है। इसके जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल था और ठगी की रकम किन लोगों तक पहुंची।
आपत्तिजनक सामान मिलने पर संदिग्ध गतिविधियों की जांच
आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी समेत 5 लोगों ने दीपक टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में 5 FIR दर्ज कराई थीं। इनकी जांच के सिलसिले में पुलिस दीपक टंडन को लेकर होटल पहुंची थी।
इस दौरान होटल के अंदर संचालित स्पा की तलाशी ली गई। यहां से लेडीज अंडरगारमेंट्स, शराब की बोतलें, सिगरेट, ग्राहकों की डायरी, मोबाइल नंबर और दूसरे दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
सबूतों की जांच जारी
स्पा का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दीपक टंडन नजर आ रहा है। जांच के दौरान आशंका जताई जा रही है कि होटल में ठहरने वाले लोगों की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाए जाते थे। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस जब्त दस्तावेजों और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
40 लोगों से ठगी की आशंका
पुलिस की पूछताछ में दीपक टंडन पर करीब 35 से 40 लोगों से ठगी करने का संदेह सामने आया है। इनमें आम लोगों के अलावा कारोबारी, नेता और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
आरोप है कि दीपक खुद को मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताकर लोगों को अपने प्रभाव में लेता था। इसके लिए वह बड़े नेताओं के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों का इस्तेमाल करता था।
राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को मनचाही पोस्टिंग और ट्रांसफर दिलाने का भरोसा देकर उनसे रकम लेने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
प्रदेश में 8 एफआईआर, 11 शिकायतों की जांच जारी
दीपक टंडन के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अब तक 8 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। इसके अलावा 11 शिकायतों की जांच की जा रही है। रायपुर में एसईसीएल का ठेका दिलाने के नाम पर दो लोगों से 56 लाख रुपए की ठगी के मामले में उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया था।
सोमवार को उसकी पुलिस रिमांड खत्म हो रही थी। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर आगे पूछताछ के लिए रिमांड मांगी, जिसके बाद कोर्ट ने दो दिन की रिमांड बढ़ा दी। पुलिस अब उससे ठगी के मामलों, होटल से मिले दस्तावेजों और कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।




