छत्तीसगढ़जुर्म

रायपुर के धरसींवा में आधी रात को सनसनी, गश्त पर निकली पुलिस को मिली चादर में लिपटी लाश, मची अफरा-तफरी

रायपुर। धरसींवा इलाके में शुक्रवार तड़के रात्रि गश्त के दौरान टाटा मैजिक में चादर से बंधा शव मिलने के मामले में पुलिस को हत्या की आशंका है। प्रारंभिक परिस्थितियां इस ओर इशारा कर रही हैं कि आरोपित हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने या छिपाने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस की नजर संदिग्ध टाटा मैजिक पर पड़ गई। पुलिस ने वाहन का पीछा किया तो चालक और उसका साथी शीतला मंदिर के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर भाग निकले।

पुलिस अब मृतक की पहचान, हत्या की वजह और वारदात में शामिल आरोपितों की तलाश में जुटी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की अहम कड़ियां सामने आ चुकी हैं और शुक्रवार शाम तक पूरे घटनाक्रम का राजफाश किए जाने की संभावना है।

 

रात सवा एक बजे संदिग्ध टाटा मैजिक पर नजर

चार सितंबर की रात धरसींवा पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर थी। करीब 1:15 बजे ग्राम परसतराई में नहर पुलिया के पास पुलिस को सामने से एक टाटा मैजिक आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने गाड़ी पीछे करना शुरू कर दिया।

पूछताछ में उसने खुद को रावाभाठा निवासी बताते हुए वाहन बुकिंग में चलने की बात कही। उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। इसी दौरान मोटरसाइकिल से दो और युवक वहां पहुंचे। इनमें से एक ने खुद को रावाभाठा का जिला अध्यक्ष बताया। दोनों मोटरसाइकिल सवार आगे निकल गए, जबकि टाटा मैजिक चालक लगातार वाहन पीछे ले जाता रहा।

पुलिस की गाड़ी देख तेज भगाने लगा वाहन

पुलिस ने मुरेठी रोड की तरफ पेट्रोलिंग वाहन खड़ा कर रास्ता रोकने का प्रयास किया तो चालक ने टाटा मैजिक को परसतराई बस्ती की ओर तेज गति से दौड़ा दिया। पुलिस टीम ने पीछा किया। वाहन शीतला मंदिर के पास पहुंचा तो चालक ने उसे वहीं छोड़ दिया और दोनों व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की तरफ भाग गए। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन दोनों पकड़ में नहीं आए। इसके बाद पुलिस ने वापस आकर टाटा मैजिक की तलाशी ली तो अंदर का दृश्य देखकर जवान भी हैरान रह गए।

चादर से बंधा था शव, बाहर दिख रहा था पैर

टाटा मैजिक के अंदर एक व्यक्ति चादर से बंधी हालत में पड़ा था। उसका एक पैर बाहर दिखाई दे रहा था। जांच करने पर उसकी मौत हो चुकी थी। शव की स्थिति और उसे चादर से बांधे जाने के कारण पुलिस को आशंका है कि मृतक की हत्या के बाद शव को कहीं ले जाकर ठिकाने लगाने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस ने शव को वाहन समेत थाने लाकर सुरक्षित मरच्युरी में रखवाया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

मोबाइल नंबर से मिली अहम जानकारी

टाटा मैजिक पर लिखे मोबाइल नंबर की जांच की गई तो यह नंबर संजय उर्फ मोरध्वज चौहान, निवासी रावाभाठा, थाना खमतराई से जुड़ा मिला। पुलिस अब वाहन, मोबाइल नंबर और मौके से फरार हुए लोगों के बीच संबंधों की जांच कर रही है।

 

Related Articles

Back to top button