बिसलेरी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी, दावा- कंपनी के पानी में कैंसरकारी तत्व; सभी ब्रांड्स के पानी की जांच होगी

FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ असुरक्षित पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के मामले में केस चलाने की मंजूरी दी। यानी अब कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी।
FSSAI ने बिसलेरी समेत पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बेचने वाले सभी बड़े ब्रांड्स के पानी के सैंपल लिए हैं। इन सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा गया है।
FSSAI ने कहा है कि जांच में पानी के सैंपल तय मानकों पर खरे नहीं उतरे या नियमों का उल्लंघन मिला, तो कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिसलेरी के पानी का सैंपल जांच में असुरक्षित मिला
FSSAI के मुताबिक, कंपनी से पानी (मिनरल वाटर के अलावा) का सैंपल लिया गया था। लैब जांच में यह तय मानकों के मुताबिक नहीं मिला। इसमें ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के अनुरूप नहीं थी। इसके बाद इसे खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित माना गया।
कंपनी की अपील के बाद इस सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैब भेजा गया। वहां भी जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) पाए गए। लैब ने सैंपल को असुरक्षित बताया। इसके बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी।
सभी बड़े ब्रांड्स के पानी की जांच
सूत्रों के मुताबिक, FSSAI के अधिकारियों ने पैकेज्ड पानी बनाने और बेचने वाली कंपनियों के ठिकानों का निरीक्षण किया है। यहां से पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
FSSAI का कहना है कि यह अभियान लोगों की सेहत को ध्यान में रखकर चलाया जा रहा है। जांच में गड़बड़ी मिलने या नियमों का पालन नहीं करने वाली कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिसलेरी ने कहा- हमारा पानी सुरक्षित
बिसलेरी इंटरनेशनल ने सोमवार को अपने उत्पाद को पीने के लिए सुरक्षित बताया। कंपनी ने कहा कि वह इस मामले में FSSAI के साथ पूरा सहयोग करेगी।
कंपनी के मुताबिक, उसे अब तक ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए कोई नोटिस नहीं मिला है। कंपनी ने कहा कि वह बताए गए नोटिस को तलाश नहीं पाई है।
बिसलेरी ने कहा कि पानी की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है। कंपनी के मुताबिक, पानी तैयार करने की 10 चरणों वाली प्रक्रिया में 90 से ज्यादा बार गुणवत्ता की जांच की जाती है।
14 महीने पुराने मामले में हुई कार्रवाई
बिसलेरी के मुताबिक, मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने प्लांट से पानी के 6 सैंपल लिए थे।
शुरुआती जांच में 5 सैंपल तय मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली। इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को जांच के खिलाफ अपील की। इसके बाद FSSAI ने सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा। बिसलेरी के मुताबिक, इस लैब ने ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर पाई, लेकिन PAHs की मौजूदगी भी बताई।
ब्रोमेट और PAHs खतरनाक क्यों हैं?
ब्रोमेट: यह एक रासायनिक यौगिक है, जो पानी को ओजोन से साफ करने के दौरान बन सकता है। इसे संभावित कैंसरकारी माना जाता है, इसलिए पानी में इसकी मात्रा की अधिकतम सीमा तय है।
पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs): ये रसायन पेट्रोल, डीजल, कोयला और प्लास्टिक जलने से बन सकते हैं। इनके कई यौगिक कैंसरकारी होते हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। FSSAI के मानकों के मुताबिक, पैकेज्ड पानी में इनकी मौजूदगी बिल्कुल नहीं होनी चाहिए।
आम उपभोक्ता के लिए ध्यान रखने वाली बातें
- इस कार्रवाई का मतलब यह नहीं है कि बाजार में बिसलेरी की हर बोतल असुरक्षित है। मामला एक सैंपल से जुड़ा है।
- पानी की बोतल खरीदते समय सील, FSSAI लाइसेंस नंबर, ISI मार्क, मैन्युफैक्चरिंग डेट और बैच नंबर जरूर देखें।
- बोतल के पानी में अजीब गंध, स्वाद या रंग लगे तो उसे न पिएं और कंपनी या FSSAI से शिकायत करें।



