Breaking News

पटवारियों की हड़ताल पर जिला प्रशासन की सख्ती, 41 को जारी हुए कारण बताओ नोटिस, 8 निलंबित और 8 पर ब्रेक-इन-सर्विस की कार्रवाई

एमसीबी जिले में पटवारियों की हड़ताल को लेकर जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई और तहसीलवार स्थिति की जानकारी सामने आई है। कार्यालय कलेक्टर, भू-अभिलेख शाखा जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा 11 नवम्बर 2026 को जारी जानकारी के अनुसार जिले की छह तहसीलों में कुल 41 पटवारी हड़ताल पर गए थे। प्रशासन द्वारा हड़ताल में शामिल सभी 41 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, हड़ताल के दौरान 8 पटवारियों को निलंबित किया गया है तथा 8 पटवारियों के विरुद्ध ब्रेक-इन-सर्विस की कार्रवाई की गई है।

जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जिले में पटवारियों के कुल 88 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 52 पद भरे हुए हैं, जबकि 36 पद रिक्त हैं। इस प्रकार जिले में पहले से ही पटवारियों के एक बड़े हिस्से के पद रिक्त होने के कारण राजस्व संबंधी कार्यों के संचालन में चुनौती बनी हुई है। ऐसे में 41 पटवारियों के हड़ताल पर चले जाने से राजस्व सेवाओं पर प्रभाव पड़ने की स्थिति सामने आई है।

तहसीलवार हड़ताल की स्थिति एवं प्रशासनिक कार्रवाई

मनेंद्रगढ़ तहसील में 19 स्वीकृत पदों में से 17 पद भरे हुए हैं और 2 पद रिक्त हैं। यहां 13 पटवारी हड़ताल पर गए, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। हड़ताल के दौरान 2 पटवारियों को निलंबित किया गया, जबकि 4 पटवारी हड़ताल में शामिल नहीं हुए। इसके अलावा 8 पटवारियों के विरुद्ध ब्रेक-इन-सर्विस की कार्रवाई दर्ज की गई है। वहीं खड़गवां तहसील में 15 स्वीकृत पदों में से 8 पद भरे हैं और 7 पद रिक्त हैं। यहां 6 पटवारी हड़ताल पर गए तथा सभी 6 को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। इनमें से 1 पटवारी निलंबित किया गया, जबकि 2 पटवारी हड़ताल में शामिल नहीं हुए।

इसके साथ ही चिरमिरी तहसील में कुल 6 स्वीकृत पदों में से 4 पद भरे हुए हैं और 2 पद रिक्त हैं। यहां 4 पटवारी हड़ताल पर गए और सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। हड़ताल के दौरान 1 पटवारी को निलंबित किया गया है। वहीं केल्हारी तहसील में 13 स्वीकृत पदों में से 7 पद भरे हुए हैं तथा 6 पद रिक्त हैं। यहां 6 पटवारी हड़ताल पर गए, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। इनमें से 1 पटवारी निलंबित किया गया, जबकि 1 पटवारी हड़ताल में शामिल नहीं हुआ।

इसके अलावा भरतपुर तहसील में 22 स्वीकृत पदों में से 12 पद भरे हुए हैं और 10 पद रिक्त हैं। यहां 8 पटवारी हड़ताल पर गए तथा सभी 8 को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। इनमें से 2 पटवारियों को निलंबित किया गया, जबकि 4 पटवारी हड़ताल में शामिल नहीं हुए। वहीं कोटाडोल तहसील में 13 स्वीकृत पदों में से 4 पद भरे हुए हैं और 9 पद रिक्त हैं। यहां 4 पटवारी हड़ताल पर गए तथा सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। इनमें से 1 पटवारी को निलंबित किया गया है।

प्रशासनिक आंकड़ों में सामने आई कार्रवाई की स्थिति

जिला स्तर पर जारी आंकड़ों के अनुसार हड़ताल पर गए कुल 41 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। हड़ताल के दौरान 8 पटवारियों को निलंबित किया गया, जबकि 11 पटवारी हड़ताल में शामिल नहीं हुए। वहीं, 8 पटवारियों के विरुद्ध ब्रेक-इन-सर्विस की कार्रवाई दर्ज की गई है। कारण बताओ नोटिस जारी होने के बाद जवाब प्रस्तुत करने वाले पटवारियों की संख्या शून्य तथा हड़ताल प्रारंभ होने से पूर्व निलंबित पटवारियों की संख्या भी शून्य दर्शाई गई है।

 

Related Articles

Back to top button