चलती बस से 3 साल का बच्चा गिरा:मां मोबाइल पर बात करने में बिजी थी, बच्चा गेट तक पहुंच गया

गुजरात के सूरत शहर में एक चलती लग्जरी बस से 3 साल का बच्चा गेट से नीचे गिर गया। हालांकि, ड्राइवर की सूझबूझ और अलर्टनेस से उसकी जान बच गई। बस में मां फोन पर बात करने में व्यस्त थी, तभी यह घटना हुई।
बच्चा खेलते-खेलते गेट तक आ गया था। घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हादसा 7 नवंबर का है, जिसका फुटेज अब सामने आया है और वायरल हो रहा है।
दो बच्चों के साथ बस में सफर कर रही थी मां
एक प्राइवेट लग्जरी बस सौराष्ट्र के राजकोट से सूरत आ रही थी। एक महिला अपने 3 साल के बेटे और 8 साल की बेटी के साथ सफर कर रही थी। यात्रा के दौरान महिला मोबाइल फोन पर बात करने में इतनी मशगूल हो गई कि उसका ध्यान बेटे से पूरी तरह हट गया। बच्चा एक सीट से दूसरी सीट पर होते हुए ड्राइवर के केबिन तक आ पहुंचा।
तभी बस चालक की नजर बच्चे पर पड़ी। उसने बच्चे की ओर हाथ बढ़ाया। लेकिन एक हाथ में बस का स्टीयरिंग होने के कारण चालक बच्चे तक नहीं पहुंच पाया। इतना ही नहीं, चालक ने बच्चे की ओर हाथ बढ़ाते हुए जोर-जोर से चिल्लाया भी।
फिर भी, महिला समेत बस में बैठे किसी भी यात्री ने उसकी आवाज नहीं सुनी। ड्राइवर के हाथ बढ़ाने के दो सेकंड के भीतर ही बच्चा बस के दरवाजे के पास वाली सीट से अपना संतुलन खो बैठा और बस से गिरकर सड़क पर जा गिरा।
बस के पीछे आ रहे डॉक्टर ने की बच्चे की जांच
ट्रैफिक के चलते बस की स्पीड कम थी। इसके चलते ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक लगाकर बस रोक दी और चिल्लाकर अन्य यात्रियों को बुलाया। बस रुकते ही मां दौड़कर बस से नीचे उतरी और बच्चे को उठा लाई।
खुशकिस्मती से बच्चा किसी दूसरे वाहन की चपेट में नहीं आया। बस के पीछे एक डॉक्टर की कार आ रही थी। डॉक्टर ने बच्चे की जांच की और प्रारंभिक जांच में पाया कि बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है। बच्चे को मामूली चोटें आई थीं।




