मातम में बदलीं तीज की खुशियां, खेलते-खेलते मौत के गड्ढे में समा गया ढाई साल का मासूम

बालोद जिस घर में तीज पर्व की तैयारी चल रही थी, उसी घर की खुशियां एक पल में चीख-पुकार और मातम में बदल गई। बालोद जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र के ग्राम झोपरा में आंगन में खेल रहा ढाई साल का मासूम देखते ही देखते मौत के गड्ढे में समा गया। मासूम की मौत से गांव सदमे में है और हर आंख नम है।
खेलते-खेलते गड्ढे में जा घुसा
मृतक मासूम का नाम रुद्राक्ष नेटी था। दोपहर में वह अपने घर के आंगन में खेल रहा था। मां घर के काम में व्यस्त थी। खेलते-खेलते रुद्राक्ष घर से कुछ ही दूरी पर बने घुरवा (कम्पोस्ट पिट) की ओर चला गया। बरसात के पानी से लबालब भरे उस गहरे गड्ढे में उसका पैर फिसला और वह पानी में जा गिरा। जब तक परिजनों की नजर उस पर पड़ी, तब तक उनका लाड़ला हमेशा के लिए खामोश हो चुका था।
घटना की सूचना पर रनचिरई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कर मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का आरोप है कि एक ग्रामीण की लापरवाही ने उनके बच्चे की जान ले ली। गांव के ही एक व्यक्ति ने घर के पास बिना किसी घेरा और बिना ढक्कन के गहरा गड्ढा खोद दिया था। उन्होंने उससे कहा था कि गड्ढे को ढक दो या चारों तरफ बाड़ी लगा दो, यहां छोटे-छोटे बच्चे खेलते हैं, कभी भी अनहोनी हो सकती है। लेकिन उसने एक नहीं सुनी।



