मनोरंजन

सिंगर हनी सिंह के भतीजे समेत 2 की मौत:जालंधर में बर्थडे पार्टी के बाद थार-स्कोडा से रेस लगा रहे थे, ट्रॉली में घुसी कार

जालंधर में सड़क हादसे में 2 दोस्तों की मौत हो गई। हादसा पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुआ। दोनों दोस्त एक बर्थडे पार्टी में गए थे। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, रात को बर्थडे पार्टी से लौटने के बाद युवकों ने चंडीगढ़ से आए अपने दोस्तों के साथ एपीजे कॉलेज के पास से रेस लगानी शुरू कर दी थी।

इस दौरान उनकी वॉक्सवैगन कार के साथ एक थार और एक स्कोडा गाड़ी भी थी। बाकी दोनों गाड़ियों में सवार युवक चंडीगढ़ से आए थे। वॉक्सवैगन में 3 और युवक सवार थे। रेस के दौरान उनकी कार नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई।

हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर के साथ दोस्तों ने बहस भी की। इसके बाद थार और स्कोडा में सवार युवक मौके से चले गए। पुलिस को आज तड़के 3 बजे हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया।

मृतकों की पहचान मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश ओलक के बेटे विदित ओलक (18) और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव तलवाड़ (19) निवासी सेठ हुकुमचंद कॉलोनी (जालंधर) के रूप में हुई है। वहीं, सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर लिखा कि मैंने अपना भतीजा खो दिया।

फ्लाईओवर पर निगम के कर्मचारी कर रहे थे सफाई

थाना बारादरी के एसएचओ साहिल चौधरी ने बताया कि सुबह 3 बजे की करीब उन्हें हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो पता लगा कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे। कूड़े-कचरे को डालने के लिए उन्होंने फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की थी।

ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी वॉक्सवैगन कार

इस बीच वह बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की तरफ मुड़े। इसी दौरान फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली में उनकी कार पीछे से जा घुसी। इस दोनों युवकों की मौत हो गई।

Related Articles

Back to top button