
ज्वेलरी ब्रांड GIVA ने बुधवार को एक्ट्रेस कृति सेनन के विवादास्पद रक्षाबंधन विज्ञापन को हटा दिया है। विज्ञापन में कृति ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहने थीं। वे कुत्ते को भी राखी बांधती नजर आ रही थीं।
इस पहनावे को लेकर कई लोगों ने आपत्ति जताई थी। एक्ट्रेस से सांसद बनीं कंगना रनोत ने भी कृति के पहनावे पर सवाल उठाए थे। जबकि, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्ट्रेस कृति का समर्थन किया था।
GIVA ने विवाद बढ़ता देख आज कहा कि विज्ञापन हटा लिया गया है। यह फैसला भारतीय संस्कृति और परंपराओं के सम्मान में लिया गया है।
GIVA ने कहा- हमारा इरादा भावनाएं आहत करना नहीं
GIVA ने कहा, ‘एक ब्रांड के तौर पर हमारा हमेशा से मानना रहा है कि इन खुशी के पलों को पूरे परिवार के साथ मनाया जाए। इस बार उसका उद्देश्य पालतू जानवरों के साथ प्यार और जश्न को आगे बढ़ाना था। भावनाएं आहत करना हमारा इरादा नहीं था।’
‘अगर हमारे हालिया विज्ञापन से समाज के कुछ हिस्सों की भावनाओं को अनजाने में ठेस पहुंची है, तो हमारा ऐसा कोई इरादा नहीं था। हमने उस विज्ञापन सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया है।’ ब्रांड ने त्योहार के मौके पर लोगों को प्यार और सकारात्मकता की शुभकामनाएं भी दीं।
कंगना बोलीं- भाई को बिकिनी में राखी क्यों बांधेंगी?
कंगना रनोत ने इस विज्ञापन पर एक दिन पहले कहा था- अपने भाई को बिकिनी या अंडरगारमेंट्स में राखी क्यों बांधेंगी? आपके पास स्टाइलिंग के इतने विकल्प कहां गए? यह विज्ञापन जानबूझकर अजीब बनाया गया लगता है।
राहुल ने कहा- महिलाओं की पहरेदारी नहीं करनी चाहिए
ट्रोल होने के बाद कृति सेनन ने सोशल मीडिया पर सफाई दी। राहुल गांधी ने कृति का पोस्ट अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर करके लिखा- महिलाओं के कपड़ों और जीवनशैली की ऑनलाइन पुलिसिंग यानी पहरेदारी नहीं करनी चाहिए।
कृति ने कहा- बहन और पेट डॉग्स को भी बांधती हूं राखी
इससे पहले कृति ने इंस्टा पर लिखा था कि यह त्योहार सुरक्षा और प्यार के रिश्ते का प्रतीक है। वे और उनकी बहन नूपुर सेनन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं, क्योंकि दोनों एक-दूसरे की सुरक्षा भाई से कम नहीं करती हैं। यही प्यार पेट डॉग्स के लिए भी है, क्योंकि वे भी उनके परिवार का ही हिस्सा हैं।



