CG News: मुख्यमंत्री ने धनोरा में 132 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात, स्वास्थ्य केंद्र और प्रीमियम राइस ब्रांड का किया शुभारंभ

CG News: कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपए की लागत वाले 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण करने के साथ ही किसानों की उपज को नई पहचान देने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुंचे। दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, किसानों को बेहतर बाजार और ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
धनोरा में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने 2 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से तैयार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का उद्घाटन किया। इस केंद्र से धनोरा सहित आसपास के 56 गांवों के करीब 56 हजार ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
अब ग्रामीणों को सामान्य उपचार, स्वास्थ्य जांच और अन्य चिकित्सा सेवाओं के लिए दूर के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन स्थिति वाले मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा।
वनांचल के किसानों को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ कर किसानों के लिए नई पहल की। इस ब्रांड के माध्यम से ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के करीब 730 किसानों द्वारा उत्पादित धान को बाजार से जोड़ा जाएगा।
इन गांवों के किसान लंबे समय से प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कृषि पद्धति से धान उत्पादन कर रहे हैं। अब जिला प्रशासन की पहल पर धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और पैकेजिंग कर इसे बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलने और स्थानीय उत्पाद को पहचान मिलने की संभावना बढ़ेगी।
महिलाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ योजना में ग्रामीण महिलाओं की भी भागीदारी सुनिश्चित की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़ी उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी को धान संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी दी गई है।
इससे स्वसहायता समूह की महिलाओं को कृषि आधारित उद्यम और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
पेन खण्डा मुदिया के किए दर्शन
धनोरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के आराध्य पेन खण्डा मुदिया की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पेन खण्डा मुदिया बस्तर अंचल की आदिवासी संस्कृति और आस्था के प्रमुख प्रतीकों में शामिल हैं। कोनगुड़ परगना के 84 गांवों के ग्रामीण उन्हें अपना आराध्य मानते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की अनमोल धरोहर हैं, जिनका संरक्षण जरूरी है।
आदिवासी समाज ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री के धनोरा पहुंचने पर आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया। समाज के प्रतिनिधियों ने साफा बांधकर मुख्यमंत्री का सम्मान किया।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




