छत्तीसगढ़

दुर्ग में सीएम साय ने विकास कार्यों की दी सौगात:रिसाली को 137 करोड़ की नई घोषणाएं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दुर्ग जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही रिसाली निगम क्षेत्र के लिए करीब 137 करोड़ रुपए की नई घोषणाएं कीं। इनमें 134.87 करोड़ रुपए की बड़ी पेयजल योजना, सभी 40 वार्डों में स्ट्रीट लाइट और दो मुक्तिधामों के उन्नयन के काम शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने रिसाली में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि आज सड़क से लेकर पेयजल तक कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने इसके लिए निगम क्षेत्र के लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। सीएम ने कहा कि नई पेयजल योजना के पूरा होने से पूरे रिसाली निगम क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की बेहतर व्यवस्था होगी। आने वाले समय में इन कार्यों का लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा।

रिसाली को मिली चार नई सौगातें

मुख्यमंत्री ने रिसाली नगर निगम के लिए चार नई घोषणाएं कीं। इसमें 134 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत वाली वृहद पेयजल योजना शामिल है। इसके पूरा होने पर पूरे निगम क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था मजबूत होगी। इसके अलावा वार्ड 1 से 40 तक स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा की गई। नेवई स्थित मुक्तिधाम के उन्नयन के लिए 50 लाख रुपए और जोरातराई मुक्तिधाम के विकास के लिए भी 50 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की गई। इन चारों घोषणाओं की कुल राशि करीब 137 करोड़ रुपए है।

जिले में 362 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जिले में कुल 402 करोड़ 12 लाख रुपए से अधिक की लागत के 362 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जा रहा है। इनमें 39 कार्यों का लोकार्पण और 323 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। भिलाई नगर निगम क्षेत्र में 23 कार्यों का लोकार्पण और 182 कार्यों का भूमिपूजन होगा।

भिलाई-चरोदा नगर निगम में 11 कार्यों का लोकार्पण और 97 कार्यों का भूमिपूजन प्रस्तावित है। रिसाली में 2 कार्यों का लोकार्पण और 22 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके अलावा अहिवारा नगर पालिका और विभिन्न विभागों के काम भी इसमें शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रिसाली के बाद वे भिलाई और भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र में भी जाएंगे। वहां भी विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा।

402 करोड़ से ज्यादा के 362 विकास कार्य

जिले में कुल 40,212.70 लाख रुपए की लागत के 362 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन होगा। इनमें 11,858.75 लाख रुपए की लागत के 39 कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 28,353.95 लाख रुपए की लागत के 323 कार्यों की शुरुआत की जाएगी।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला थाना सेक्टर-6 भिलाई के पास करीब 35 लाख रुपए की लागत से बने नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का लोकार्पण किया। साथ ही रुआबांधा पुलिस चौकी का उद्घाटन भी किया।

नया साइबर थाना दुर्ग, बालोद और बेमेतरा तीन जिलों में साइबर अपराधों की शिकायतों और जटिल मामलों की जांच करेगा। यहां ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों पर कार्रवाई के साथ डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button