Breaking Newsraipur

रायपुर : राखी से पहले सुनीता के खाते में पहुंची महतारी वंदन की 30वीं किस्त

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के लिए निरंतर आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपनी व्यक्तिगत और पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने में सहयोग प्राप्त कर रही हैं।

जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम रसौटा की श्रीमती सुनीता अनंत के लिए भी महतारी वंदन योजना मुश्किल समय में भरोसे का सहारा बन गई है। योजना की 30वीं किस्त की राशि खाते में पहुंचने से सुनीता के चेहरे पर खुशी और संतोष नजर आया। रक्षाबंधन पर्व से पहले मिली इस राशि को उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की ओर से प्रदेश की बहनों के लिए विशेष उपहार बताया।

श्रीमती सुनीता अनंत ने बताया कि हर महीने मिलने वाली 1000 रुपये की राशि से वे घर-परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने के साथ बच्चों की पढ़ाई में भी सहयोग कर पाती हैं। उन्होंने कहा, “महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त रक्षाबंधन से पहले मिलना हमारे लिए खुशी की बात है। विष्णु भैया ने प्रदेश की बहनों को यह तोहफा दिया है। बच्चों की पढ़ाई या घर में कोई जरूरी काम सामने आने पर महतारी वंदन की राशि हमारे लिए बड़ा सहारा बनती है।”

सुनीता ने कहा कि नियमित रूप से मिलने वाली सहायता राशि से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे परिवार की आवश्यकताओं में अपनी भूमिका अधिक मजबूती से निभा पा रही हैं। महतारी वंदन योजना के माध्यम से सुनीता जैसी प्रदेश की लाखों महिलाओं को आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button