छत्तीसगढ़

फसल की रखवाली करने खेत गया था किसान, करंट की चपेट में आकर गई जान रखवाली करने खेत गया था किसान, करंट की चपेट में आकर गई जान

तखतपुर। धान की फसल को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए खेत की रखवाली करने निकले किसान की अवैध इलेक्ट्रिक फेंसिंग की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना ने न केवल खेतों में लगाए जा रहे विद्युत तारों की सुरक्षा व्यवस्था, बल्कि हादसे के बाद की कार्रवाई को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतक गंगाराम कोल, ग्राम पेंड्री निवासी, चनाडोंगरी में खेत की चौकीदारी करने गया था। बताया जा रहा है कि रात करीब 7 बजे वह जिस खेत में फसल की रखवाली कर रहा था, उससे लगे दूसरे किसान के खेत में आवारा मवेशियों को रोकने के लिए लगाए गए विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

साथी किसान को भी लगा करंट

प्रत्यक्षदर्शी किसान महेंद्र कौशिक के अनुसार, दोनों किसान अलग-अलग स्थानों पर फसल की रखवाली कर रहे थे। आवाज लगाने पर जब गंगाराम की ओर से कोई जवाब नहीं मिला, तो महेंद्र उसे देखने पहुंचा। वहां पहुंचते ही उसे भी हल्का करंट लगा। किसी तरह बचकर आगे बढ़ा तो गंगाराम जमीन पर अचेत पड़ा था और उसके पैरों में विद्युत तार लिपटा हुआ था। महेंद्र ने इसकी सूचना अपने बड़े भाई को दी, जिसके बाद कोटवार को जानकारी देकर तखतपुर थाने में सूचना दी गई।

रातभर खेत में पड़ा रहा शव, सुबह हुई कार्रवाई

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को देखने के बाद वापस लौट गई। आरोप है कि रातभर शव खेत में पड़ा रहा और घटनास्थल पर विद्युत प्रवाह को लेकर भी कोई तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। सुबह तखतपुर पुलिस दोबारा घटनास्थल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की।

तीन छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

गंगाराम अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला बताया जा रहा है। उसके पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Related Articles

Back to top button