
गरियाबंद। ऑपरेशन निश्चय के तहत गरियाबंद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 किलो गांजा जब्त कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल आयशर वाहन, मोटरसाइकिल, मोबाइल और कुल 6.50 लाख रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
कार्रवाई 24 अगस्त की रात देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव चेक पोस्ट, NH-130C पर हुई। पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी, तभी ओडिशा की ओर से आ रहे नारंगी रंग के आयशर वाहन क्रमांक MH 06 BW 4144 को रोका गया। वाहन की छत पर काले तिरपाल के नीचे संदिग्ध पैकेट नजर आए। जांच में इन पैकेटों से करीब 400 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में वाहन सवार संतोष अनंता मोहिते और सुमित सुभाष थोड़वे ने बताया कि उनके आगे एक नीले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल चल रही थी, जिसमें दो लोग रास्ता दिखा रहे थे। पुलिस ने पीछा कर मोटरसाइकिल सवार पंकज अनंता मोहिते और जलंधर खम्हारी को भी पकड़ लिया।
पूछताछ में गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले से लाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए ओडिशा पहुंचकर गांजा सप्लाई करने वाले विनोद दिसारी को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से गांजा के क्रय-विक्रय में इस्तेमाल 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में 400 किलो गांजा, करीब 20 लाख रुपये कीमत का आयशर वाहन, मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल और कुल 6.50 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
पांचों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी चोट माना जा रहा है।
