
जगदलपुर के कुम्हरावंड स्थित शहीद गुंडाधुर कृषि महाविद्यालय-अनुसंधान केंद्र में 28 नवंबर से तीन दिवसीय अंतर-क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता शुरू होगी। इसमें प्रदेश के 40 कृषि महाविद्यालयों के करीब 200 छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। 5 जोन की टीमें 17 खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। प्रतियोगिता 30 नवंबर तक चलेगी। आयोजन को लेकर महाविद्यालय प्रबंधन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 28 नवंबर को सुबह 11 बजे महाविद्यालय परिसर में होगा। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय जगदलपुर के कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव मुख्य अतिथि होंगे। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेजबान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आरएस नेताम करेंगे।
समारोह में अंबिकापुर कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. संतोष कुमार सिन्हा, बिलासपुर के डॉ. एसएल स्वामी, भाटापारा के डॉ. एचएल सोनबोइर, साजा-बेमेतरा के डॉ. ललित रामटेके और परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र जगदलपुर के सह संचालक अनुसंधान डॉ. एके ठाकुर भी मौजूद रहेंगे।
17 खेल विधाओं में होंगे मुकाबले
आयोजन सचिव और क्रीड़ा प्रभारी डॉ. आरआर कंवर ने बताया कि प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस और बैडमिंटन सहित 17 खेल शामिल हैं। एथलेटिक्स में 100, 200, 400, 800 और 1500 मीटर दौड़ के मुकाबले होंगे। इसके अलावा हाई जंप और लॉन्ग जंप भी होंगे।
बैडमिंटन में सिंगल और डबल मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष संचालन के लिए शासकीय विद्यालयों के 10 अनुभवी रेफरियों की ड्यूटी लगाई गई है।
40 कॉलेजों की पांच जोनल टीमें लेंगी हिस्सा
प्रतियोगिता में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के दक्षिण, उत्तर, पूर्व, पश्चिम और मध्य क्षेत्र की टीमें शामिल होंगी। इनमें 29 शासकीय और 11 निजी कृषि महाविद्यालयों के चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। टीमों के जगदलपुर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था पूरी
बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था कर ली गई है। खेल मैदानों को भी प्रतियोगिता के लिए तैयार किया गया है। 30 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में अलग-अलग खेलों के मुकाबले होंगे। इसमें पांचों जोन की टीमें बेहतर प्रदर्शन के लिए मैदान में उतरेंगी।



