raipur

लोक अदालत में पुराने ट्रैफिक चालान निपटाने का मौका, 8 दिसंबर तक कराना होगा पंजीयन, कम हो सकती है जुर्माने की राशि

रायपुर में वाहन चालकों को पुराने ट्रैफिक चालान निपटाने का मौका मिलेगा। 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली लोक अदालत में 23 जनवरी 2025 से 6 फरवरी 2026 के बीच जारी लंबित ई-चालानों का निराकरण किया जाएगा। इसके लिए वाहन मालिकों को 8 दिसंबर तक पंजीयन कराना होगा।

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने बताया कि, जिन वाहन चालकों के ई-चालान तीन महीने से ज्यादा समय से लंबित हैं, वे लोक अदालत में उनका निपटारा करा सकते हैं। 23 जनवरी 2025 से 6 फरवरी 2026 के बीच जारी ऐसे चालान, जो कोर्ट भेजे जा चुके हैं, उनका भी लोक अदालत में निराकरण कराया जा सकेगा। इसके लिए वाहन चालकों को कोर्ट जाने की जरूरत नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि लोक अदालत में चालान के सेटलमेंट की भी संभावना है। इस दौरान चालान की राशि कम भी हो सकती है। हालांकि, यह सेटलमेंट पर निर्भर करेगा। वहीं, चालान का निराकरण नहीं कराने पर वाहन चालकों को आगे कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं।

शहर के 9 स्थानों पर करा सकेंगे पंजीयन

लोक अदालत में चालान का निराकरण कराने के लिए वाहन मालिक 8 दिसंबर 2026 तक अपने नजदीकी यातायात थाने या यातायात मुख्यालय कालीबाड़ी पहुंचकर पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए शहर में 9 स्थान निर्धारित किए गए हैं।

  • यातायात थाना तेलीबांधा
  • यातायात थाना पचपेड़ी नाका
  • यातायात थाना भाठागांव बस स्टैंड
  • यातायात थाना टाटीबंध
  • यातायात थाना भनपुरी
  • यातायात थाना पंडरी पुराना बस स्टैंड
  • यातायात थाना शारदा चौक
  • यातायात थाना कालीबाड़ी
  • यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी

ऑनलाइन भी देख सकते हैं चालान की जानकारी

वाहन मालिक घर बैठे भी अपने वाहन पर लंबित ई-चालान की जानकारी देख सकते हैं। इसके लिए परिवहन विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर वाहन नंबर या चालान का विवरण दर्ज करना होगा।

पोर्टल लिंक: https://echallan.parivahan.nic.in/challan/challan-services

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने वाहन चालकों और वाहन स्वामियों से विशेष अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने लंबित ई-चालान प्रकरणों का पंजीयन कराकर लोक अदालत के माध्यम से उनका निराकरण कराएं।

निर्धारित समय पर चालान का भुगतान, निराकरण नहीं कराने की स्थिति में संबंधित वाहन स्वामियों और चालकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button