छत्तीसगढ़राजनीती

CG Vidhan Sabha: हाजिरी में भाजपा के विधायक आगे, सवाल पूछने में विपक्ष ज्यादा सक्रिय, विधानसभा का अगला सत्र 14 से

CG Vidhan Sabha: छत्तीसगढ़ विधानसभा का अगला सत्र 14 से 17 दिसंबर तक चलेगा। इसमें चार बैठकें होंगी। इससे पहले विधायकों की उपस्थिति का रिपोर्ट कार्ड सामने आया है। 19 दिसंबर 2023 से 17 जुलाई 2026 तक के उपस्थिति रजिस्टर के अनुसार 79 कार्यदिवसों में भाजपा के छह विधायकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति रही।

कांग्रेस के तीन विधायक 77-77 दिन आए। कांग्रेस का कोई भी विधायक पूरे 79 दिन उपस्थित नहीं रहा। शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले भाजपा विधायकों में शकुंतला सिंह पोर्ते, प्रेमचंद पटेल, अनुज शर्मा, रोहित साहू, रिकेश सेन और डोमनलाल कोर्सेवाड़ा (दिवंगत) शामिल हैं।

वहीं कांग्रेस की चातुरी नंद, अंबिका मरकाम और यशोदा नीलाम्बर वर्मा 77-77 दिन उपस्थित रहीं। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के एकमात्र विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम ने 73 दिन उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और मंत्री उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर नहीं करते हैं। इसलिए उनकी उपस्थिति इसमें शामिल नहीं है।

रेणुका की सबसे कम उपस्थिति, कवासी लखमा 45 दिन आए

सामान्य विधायकों में सबसे कम उपस्थिति भाजपा की रेणुका सिंह सरुता की रही। उन्होंने 79 कार्यदिवसों में सिर्फ 32 दिन उपस्थिति दर्ज कराई। कोंटा से कांग्रेस विधायक कवासी लखमा 45 दिन उपस्थित रहे। रायपुर पश्चिम के भाजपा विधायक राजेश मूणत और भिलाई नगर के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव 50-50 दिन, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 59 दिन और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल 63 दिन उपस्थित रहे।

भावना, धरमलाल, अजय ने सबसे ज्यादा सवाल पूछे

विधानसभा में उपस्थिति और सवाल पूछने की सक्रियता में अंतर दिखा। सभी 79 दिन उपस्थित विधायकों में अनुज शर्मा ने सर्वाधिक 237, रोहित साहू ने 115, रिकेश सेन ने 103, शकुंतला सिंह पोर्ते ने 56, प्रेमचंद पटेल ने 51 सवाल पूछे। सर्वाधिक 284-284 सवाल पूछने वाली भावना बोहरा 78 दिन, जबकि धरमलाल कौशिक, अजय चंद्राकर और भोलाराम साहू 76-76 दिन उपस्थित रहे।

विपक्ष ने सत्ता पक्ष से 3181 ज्यादा सवाल पूछे

छत्तीसगढ़ विधानसभा में फरवरी 2024 से जुलाई 2026 तक हुए सत्रों में विधायकों ने कुल 12,559 सवाल लगाए। इनमें विपक्ष के विधायकों ने 7,870 और सत्ता पक्ष के विधायकों ने 4,689 सवाल पूछे। यानी विपक्ष ने सत्ता पक्ष के मुकाबले 3,181 ज्यादा सवाल लगाकर अधिक सक्रियता दिखाई। विधानसभा की कार्य संचालन नियमावली के अनुसार एक बैठक में किसी विधायक के अधिकतम चार प्रश्न विचारार्थ लिए जाते हैं।

Related Articles

Back to top button