खेलछत्तीसगढ़

बस्तर ओलंपिक में जगदलपुर और लोहंडीगुड़ा का दबदबा, जूनियर वर्ग में वॉलीबॉल-हॉकी और बैडमिंटन में जगदलपुर, कबड्डी और खो-खो में लोहंडीगुड़ा ने मारी बाजी

जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 के जूनियर वर्ग के मुकाबलों में जगदलपुर और लोहंडीगुड़ा के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया।

25 से 26 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में जिले के अलग-अलग विकासखंडों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।प्रतियोगिता के मुकाबले इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम, क्रीड़ा परिसर धरमपुरा, खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी और सिटी ग्राउंड जगदलपुर में आयोजित किए गए।

इसमें पारंपरिक खेलों के साथ एथलेटिक्स, कराते, वेटलिफ्टिंग, बैडमिंटन और तीरंदाजी जैसी स्पर्धाएं शामिल रहीं।

वॉलीबॉल और हॉकी में जगदलपुर अव्वल

वॉलीबॉल के बालिका वर्ग में जगदलपुर ने पहला, बास्तानार ने दूसरा और लोहंडीगुड़ा ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं बालक वर्ग में भी जगदलपुर ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। लोहंडीगुड़ा दूसरे और बकावंड तीसरे स्थान पर रहा।

फुटबॉल के बालिका वर्ग में तोकापाल ने पहला, दरभा ने दूसरा और बकावंड ने तीसरा स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में जगदलपुर प्रथम, लोहंडीगुड़ा द्वितीय और बकावंड तृतीय रहा।

हॉकी के बालिका वर्ग में जगदलपुर ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि बालक वर्ग में भी जगदलपुर विजेता बना। बस्तर दूसरे और तोकापाल तीसरे स्थान पर रहा।

कबड्डी और खो-खो में लोहंडीगुड़ा का जलवा

कबड्डी और खो-खो की बालक एवं बालिका दोनों श्रेणियों में लोहंडीगुड़ा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। इन दोनों खेलों में विकासखंड के खिलाड़ियों ने अपनी खेल क्षमता और टीम भावना का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

बैडमिंटन और तीरंदाजी में भी जगदलपुर आगे

तीरंदाजी की 30 मीटर और 50 मीटर की व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धाओं में जगदलपुर के खिलाड़ियों ने कई प्रथम स्थान हासिल किए। बैडमिंटन के बालक और बालिका वर्ग के सिंगल्स और डबल्स मुकाबलों में भी जगदलपुर के खिलाड़ियों ने सभी स्पर्धाओं में पहला स्थान प्राप्त किया।

कराते और वेटलिफ्टिंग के अलग-अलग भार वर्गों में जगदलपुर, बास्तानार, बकावंड और तोकापाल के खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

एथलेटिक्स में सभी विकासखंडों के खिलाड़ियों ने दिखाया दम

एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। ऊंची कूद, लंबी कूद, 4×100 मीटर रिले, 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के साथ गोला फेंक, तवा फेंक और भाला फेंक में खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता दिखाई।

इन स्पर्धाओं में जगदलपुर, लोहंडीगुड़ा, बकावंड, बास्तानार, दरभा, बस्तर और तोकापाल के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

बस्तर ओलंपिक के जूनियर वर्ग की इन प्रतियोगिताओं ने जिले की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर दिया। विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे युवा खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना ने आयोजन को खास बनाया।

प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने का मंच मिला।

Related Articles

Back to top button