छत्तीसगढ़

पति की आपत्ति के बावजूद दूसरे-पुरुष से मिलती रही पत्नी:हाईकोर्ट बोला-शारीरिक संबंध का प्रत्यक्ष सबूत जरूरी नहीं, बातचीत करना,घर बुलाना मानसिक क्रूरता, तलाक मंजूर

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने फैमिली कोर्ट का फैसला पलटते हुए पति की तलाक की अपील मंजूर कर ली। कोर्ट ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत विवाह विच्छेद की डिक्री जारी की। दरअसल, मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी दंपती का है। दोनों की शादी साल 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं।

पति का आरोप था कि पत्नी का दूसरे पुरुष से संबंध है। मना करने के बावजूद वह उससे बातचीत करती रही, जिससे उसका वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ। इसी आधार पर पति ने तलाक की मांग की थी।

फैमिली कोर्ट ने खारिज कर दी थी अर्जी

पति ने मानसिक प्रताड़ना और दूसरे पुरुष से संबंध होने का आरोप लगाते हुए फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी लगाई थी। 23 नवंबर 2019 को फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त सबूत नहीं होने के आधार पर अर्जी खारिज कर दी। इसके बाद पति ने हाईकोर्ट में अपील की।

हाईकोर्ट ने गवाहों के बयान और पेश किए गए सबूतों की जांच की। कोर्ट ने पाया कि फैमिली कोर्ट ने मामले के कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार नहीं किया था।

बेटी बोली- समझाने के बाद भी मां ने बातचीत नहीं रोकी

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान बेटी ने बताया कि, उसकी मां एक व्यक्ति से लगातार फोन पर बात करती थी। परिवार के लोगों ने उसे समझाया, लेकिन उसने बातचीत बंद नहीं की।

बेटा बोला- दूसरे व्यक्ति के साथ बाहर जाती थी मां

बेटे ने भी गवाही दी है कि पिता की गैरमौजूदगी में वह व्यक्ति घर आता था। बच्चों के पिता को इसकी जानकारी देने पर मां उन्हें डांटती थी। बेटे के मुताबिक, एक बार मां घर छोड़कर उस व्यक्ति के घर भी चली गई थी।

पति ने बाइक पर दोनों को साथ देखा

पति ने कोर्ट को बताया कि, 22 अगस्त 2017 को पत्नी के माता-पिता की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल भेजा था। बाद में उसने पत्नी को उसी व्यक्ति के साथ बाइक पर देखा। समझाने पर पत्नी ने दोबारा ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया, लेकिन कुछ समय बाद फिर संपर्क शुरू हो गया।

कोर्ट बोला- परिस्थितिजन्य सबूत भी अहम

हाईकोर्ट ने कहा कि, विवाहेतर संबंधों के मामलों में प्रत्यक्ष सबूत जुटाना हमेशा संभव नहीं होता। हर मामले में फोन रिकॉर्डिंग, वीडियो या दूसरे प्रत्यक्ष प्रमाण की उम्मीद नहीं की जा सकती। ऐसे मामलों में परिस्थितिजन्य साक्ष्य और गवाहों के बयानों का एक साथ मूल्यांकन करना जरूरी है।

कोर्ट के मुताबिक, शारीरिक संबंध साबित नहीं होने के बावजूद दूसरे पुरुष से लगातार बातचीत करना, पति की गैरमौजूदगी में उसे घर बुलाना और उसके साथ बाहर जाना जैसी गतिविधियां मानसिक क्रूरता के आकलन में अहम हो सकती हैं। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने पति की तलाक की अपील स्वीकार कर ली।

 

Related Articles

Back to top button