रायपुर में एक हजार से ज्यादा दिव्यांगों को मिलेगी मशीन:ट्राइसाइकिल, कृत्रिम पैर और हियरिंग का होगा वितरण, इंडोर स्टेडियम में होगा आयोजन

रायपुर में सोमवार 3 अगस्त को दिव्यांगों के लिए सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा। जिला प्रशासन की ओर से सुबह 10 बजे बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस कार्यक्रम में चयनित दिव्यांगों को उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण दिए जाएंगे।
समाज कल्याण विभाग ने जिले के करीब 1006 दिव्यांगजनों का चयन किया है। इन्हें ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, हियरिंग एड समेत अन्य सहायक उपकरण दिए जाएंगे। इनसे दिव्यांगजनों के चलने-फिरने और रोजमर्रा के काम आसान होंगे।
CM होंगे प्रोग्राम में शामिल
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे चयनित हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित करेंगे। जिला प्रशासन के प्रोजेक्ट सहारा के तहत यह पहल दिव्यांगजनों को जरूरत के मुताबिक मदद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है।
इस मौके पर जिला प्रशासन के नवाचारों की जानकारी भी दी जाएगी। वहीं प्रोजेक्ट वंदन के तहत हाल ही में सेवानिवृत्त हुए शासकीय कर्मचारियों को पीपीओ और सेवानिवृत्ति से जुड़े दस्तावेज सौंपे जाएंगे। साथ ही विभिन्न योजनाओं के कुछ हितग्राहियों का सम्मान भी किया जाएगा।
डाक्यूमेंट्स के साथ कार्यक्रम में पहुंचना होगा
अगर किसी दिव्यांगजन का चयन हुआ है, तो उन्हें तय समय पर आवश्यक डाक्यूमेंट्स के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचना होगा। जिला प्रशासन के अनुसार, उपकरणों का वितरण हितग्राहियों की जरूरत के अनुसार किया जाएगा।




