Breaking News

धमतरी में GEN Z युवाओं को मंत्री ओपी चौधरी की सौगात, एआई प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को दी 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि

धमतरी। धमतरी में रविवार का दिन युवाओं के लिए बेहद खास रहा, जब वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए मंच से हर स्किल्ड युवा को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

दरअसल, रविवार को वित्त मंत्री ओपी चौधरी धमतरी में नशा मुक्ति युवा विकसित भारत संकल्प अभियान में शामिल होने पहुंचे थे, जहां उन्होंने GEN Z का उदाहरण दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि GEN Z अगर चाहे तो रोजगार के नए अवसर खुद ही पैदा कर सकती है। इसका ताजा उदाहरण धमतरी में देखा जा सकता है, जहां युवाओं ने एआई (AI) के जरिए एक वेबसाइट बनाई है। साथ ही युवाओं ने जापानी कंपनी लर्न ई जॉय के साथ इंटर्नशिप भी की है और एआई के क्षेत्र में एक कदम आगे बढ़े हैं।

मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि ऐसे युवाओं को आगे बढ़ाना प्रधानमंत्री मोदी जी का विजन है। साथ ही छत्तीसगढ़ की साय सरकार भी युवाओं को रोजगार के नए अवसर दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी GEN Z को सही दिशा में आगे बढ़ते देखना चाहते हैं, इसलिए जरूरी है कि युवा नई तकनीकों में प्रशिक्षण लें और खुद ही रोजगार के अवसर बनाएं।

अंत में ओपी चौधरी ने प्रोत्साहन राशि की घोषणा तो की ही, साथ ही सभी युवाओं को अपने साथ भोज का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं के जहन में यदि छत्तीसगढ़ शासन के विकास को लेकर कोई नई गाथा लिखी जा सकती है, तो वे उसे सुनना चाहेंगे।

Related Articles

Back to top button