
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने छत्तीसगढ़ में लगातार घट रही प्रजनन दर पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि, अब परिवार में 3 से 4 बच्चे होने में भी कोई दिक्कत नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रजनन दर राष्ट्रीय औसत से भी कम हो गई है। देश में फर्टिलिटी रेट 2.2 है, जबकि छत्तीसगढ़ में यह घटकर 1.8 रह गई है। मंत्री ने कहा कि उनकी इच्छा है कि प्रदेश की प्रजनन दर कम से कम राष्ट्रीय औसत के बराबर पहुंचे।
नसबंदी के लिए अब नहीं मिलता प्रलोभन कैट के कार्यक्रम में नसबंदी को लेकर मंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से अब इसके लिए किसी तरह का प्रलोभन नहीं दिया जाता है। कोई व्यक्ति अपनी इच्छा से नसबंदी कराने आता है तो यह अलग बात है।
क्या होती है फर्टिलिटी रेट?
फर्टिलिटी रेट या प्रजनन दर का मतलब यह होता है कि, एक महिला अपने जीवनकाल में या प्रजनन की उम्र (आमतौर पर 15 से 49 वर्ष के बीच) में औसतन कितने बच्चों को जन्म देती है। किसी भी देश, राज्य या इलाके में आबादी बढ़ने और उसमें बदलाव को समझने के लिए इसे सबसे जरूरी मेट्रिक माना जाता है।
ये हैं वो बड़े कारण जो गिरा रहे हैं फर्टिलिटी रेट
- सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (SRS) रिपोर्ट के मुताबिक, पढ़ी-लिखी महिलाओं में TFR 1.8 है, जबकि कम पढ़ी-लिखी महिलाओं में यह 3.3 है। यानी जैसे-जैसे महिलाएं अधिक शिक्षा प्राप्त कर रही हैं और करियर बना रही हैं।
- शादी और बच्चे पैदा करने की उम्र बढ़ती जा रही है। देर से शादी, करियर पर फोकस और फैमिली प्लानिंग तक बेहतर पहुंच इस बदलाव की अहम वजहें हैं।
- शहरों में रहने की लागत ज्यादा होती है। घर, हेल्थकेयर और बच्चों की एजुकेशन महंगी है। इसलिए लोग छोटे परिवार को ज्यादा बेहतर मानते हैं।
- अर्बन इंडिया में TFR काफी नीचे आ गई है, जबकि रूरल इंडिया में यह अभी रिप्लेसमेंट लेवल के आसपास ही है। यही वजह है कि बड़े शहरों में फर्टिलिटी रेट सबसे कम है।


