छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

मेहनत को मिली पूंजी, छोटे कारोबारियों के सपनों को उड़ान दे रही पीएम स्वनिधि : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि ठेला-खोमचा लगाकर और छोटे व्यवसाय से परिवार चलाने वाले लोगों की मेहनत को पीएम स्वनिधि योजना ने पूंजी का सहारा दिया है। कभी साहूकारों का ब्याज चुकाने में खर्च हो जाने वाली कमाई अब कारोबार बढ़ाने, बच्चों की पढ़ाई और परिवार की खुशहाली में काम आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि छोटे कारोबारी आर्थिक रूप से मजबूत बनें और सम्मान के साथ आगे बढ़ें। एक-एक परिवार आत्मनिर्भर होगा, तभी प्रदेश और देश विकसित होगा।

उप मुख्यमंत्री साव ने आज बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय स्वनिधि महोत्सव में योजना के हितग्राहियों को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कार्यक्रम में स्मार्ट ठेला पंजीयन का शुभारंभ और इसके पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि पथ विक्रेताओं को पहचान पत्र मिलने से व्यवसाय करने में सुविधा होगी। श्री साव ने हितग्राहियों को यूपीआई से जुड़े डिजिटल भुगतान साउंड बॉक्स भी वितरित किए। उन्होंने सफल पथ विक्रेताओं और उनके प्रतिभाशाली बच्चों को मंच पर सम्मानित भी किया।

छोटे कारोबारियों को मिला आत्मनिर्भर बनने का अवसर

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 में शुरू की गई प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने कोरोना काल में प्रभावित लाखों पथ विक्रेताओं को बिना गारंटी आसान ऋण उपलब्ध कराकर दोबारा कारोबार शुरू करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राही क्रमशः 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपए तक का ऋण लेकर अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकते हैं।

उन्होंने हितग्राहियों से डिजिटल भुगतान अपनाने, नियमित ऋण अदायगी करने और सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को यूपीआई से जुड़े 30 हजार रुपए तक के क्रेडिट कार्ड का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया।

20 नवंबर को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

अरुण साव ने कहा कि बिलासपुर लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। स्वच्छता के क्षेत्र में शहर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है और प्रदेश की पहली ऑटोमेटेड कार पार्किंग भी यहीं शुरू हुई है। अब प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए 20 नवंबर को नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ और बिलासपुर को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया जाएगा।

योजना से 1.23 लाख से अधिक हितग्राही लाभान्वित

कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेश में अब तक 1.23 लाख से अधिक पथ विक्रेताओं को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 282 करोड़ रुपए से अधिक का ऋण दिया जा चुका है। योजना में बिना गारंटी ऋण के साथ 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी और डिजिटल लेन-देन पर अतिरिक्त प्रोत्साहन भी दिया जाता है।

सम्मेलन में भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों ने डिजिटल लेन-देन और साइबर धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी। स्वनिधि चौपाल में हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों और नगरीय निकायों को सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button