धर्ममध्यप्रदेश

धीरेंद्र शास्त्री बोले-घर से न निकले तो तुम सबसे-बड़े बुजदिल:दमोह में कहा-मुसीबत आई तो भी छत पर खड़े रहोगे; जेसीबी से बरसाए फूल

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा तीसरे दिन दमोह जिले के हटा से रवाना हो गई। इससे पहले, पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने गौरी शंकर भगवान के दर्शन किए। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, राष्ट्रगान के बाद बच्चों को सनातन धर्म, हिंदू एकता और सामाजिक समरसता से जुड़े सात वचनों की शपथ दिलाई गई।

आज यात्रा में अयोध्या की हनुमानगढ़ी से राजू दास महाराज, मलूकपीठ के गंगा दास महाराज, हरिद्वार के मोनी महाराज, चित्रकूट धाम के राधेश्याम महाराज धीरेन्द्र शास्त्री के साथ मौजूद हैं।

सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा पर लोग फूल बरसाते रहे। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि छत पर खड़े हिंदुओ, अगर कल किसी हिंदू पर मुसीबत आएगी, तो घर से निकलोगे या नहीं और अगर घर से न निकले तो तुम सबसे बड़े बुजदिल हो। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य न तो राजनीति में जाना है और न ही किसी को वोट दिलवाना।

रथयात्रा के स्वागत के लिए स्कूली छात्राएं भी कलश लेकर खड़ी रहीं। ग्रामीणों ने फूलों से रंगोली बनाई। ढोल-नगाड़े भी बजवाए।

शास्त्री बोले- चाहे प्राण चले जाएं, धर्म नहीं छोड़ना

यात्रा के पहले दिन शास्त्री ने कहा था, ‘चाहे जितने विरोधी आएं, प्राण चले जाएं, तो भी धर्म नहीं छोड़ना है।’ उन्होंने सनातनियों की एकता से भारत मजबूत होने की बात कही। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने ‘जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई’ के नारे लगाए।

यात्रा में शामिल कुछ युवकों ने चुनौती देते हुए कहा, ‘अब आ जाएं बागेश्वर धाम और रोककर दिखाएं यात्रा को।’ बिहार से आए संत ऋषि ने पन्ना में मिले सहयोग और उत्साह की सराहना की। उन्होंने लोगों से अच्छे कार्यों में सहयोग देने, गुरुदेव के साथ जुड़े रहने और उनकी बातों का पालन करने की अपील की।

500 किमी की यात्रा, पांच जिलों से गुजरेगी

सनातन हिंदू एकता रथयात्रा 3.0 रविवार सुबह करीब 11:30 बजे बागेश्वर धाम से शुरू हुई थी। पांच दिवसीय यात्रा करीब 500 किलोमीटर का सफर तय कर पांच जिलों से गुजरेगी। इसका उद्देश्य सनातन एकता, सामाजिक समरसता, नशामुक्ति और लव जिहाद से मुक्त बुंदेलखंड बनाना बताया गया है।

सोमवार को पन्ना में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, राष्ट्रगान और बच्चों को शपथ दिलाने के साथ रवाना हुई। शास्त्री ने हजारों श्रद्धालुओं को सनातन धर्म, हिंदू एकता और सामाजिक समरसता से जुड़े सात वचनों की शपथ दिलाई।

 

Related Articles

Back to top button