खारुन में मिली अधेड की लाश:18 अगस्त को घर से लापता था मृतक, परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी

राजधानी रायपुर में खारुन नदी में एक शख्स की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। शव नदी में तैरता हुआ मिला।
सूचना मिलने के बाद डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
18 अगस्त को बिना बताए घर से निकले थे मृतक की पहचान चंगोराभाठा निवासी उमेन्द्र देवांगन (53) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उमेन्द्र 18 अगस्त को बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। इसके बाद जब वे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने डीडी नगर थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच शुक्रवार को खारुन नदी में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पहचान की प्रक्रिया पूरी की। शव की पहचान उमेन्द्र देवांगन के रूप में हुई।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
