
दुर्ग। जिले में भारतीय जनता पार्टी के भीतर नाराजगी सामने आई है। किसानों से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए पार्टी के 15 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दे दिया है। नाराज पदाधिकारियों ने साजा विधायक ईश्वर साहू की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष जताते हुए अपना इस्तीफा भाजपा धमधा मंडल अध्यक्ष लोकेन्द्र ब्रम्हाभट को भेजा है। इस्तीफा देने वालों में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा धमधा मंडल के अध्यक्ष डॉ. हर्ष साहू भी शामिल हैं। इसके अलावा पार्टी के सक्रिय सदस्य तेजराम साहू सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के नाम सामने आए हैं।
किसानों के मुद्दे को लेकर बढ़ी नाराजगी
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर पार्टी से जुड़े पदाधिकारी लगातार समाधान की उम्मीद कर रहे थे। उनकी शिकायत है कि इस दिशा में अपेक्षित पहल नहीं होने के कारण असंतोष बढ़ता गया। इसी नाराजगी के बीच पार्टी से जुड़े 15 लोगों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का फैसला किया। पार्टी छोड़ने वालों में डॉ. हर्ष साहू, तेजराम साहू, कमलेश जंघेल, भरत गिरी गोस्वामी, दुवासू साहू, नेतूराम साहू, भानुप्रताप साहू, लीलाराम, चेतन देवांगन, अनिल कुमार, दूजलाल, सावंत साहू और खेमगिरि गोस्वामी समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल बताए जा रहे हैं।
मंडल अध्यक्ष को भेजा इस्तीफा
नाराज पदाधिकारियों ने अपना इस्तीफा धमधा भाजपा मंडल अध्यक्ष लोकेन्द्र ब्रम्हाभट को भेजा है। एक साथ इतनी संख्या में पार्टी से जुड़े लोगों के इस्तीफे के बाद स्थानीय भाजपा संगठन में हलचल बढ़ गई है। फिलहाल इस मामले में पार्टी संगठन या साजा विधायक ईश्वर साहू की ओर से सामने आए पक्ष की जानकारी नहीं है। ऐसे में अब निगाह इस बात पर रहेगी कि भाजपा नेतृत्व इन इस्तीफों और पदाधिकारियों की नाराजगी पर क्या रुख अपनाता है।


