साय कैबिनेट की बैठक आज:धान खरीदी, सरकारी कर्मचारियों की मांगों और राज्योत्सव की तैयारियों पर हो सकती है चर्चा

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की बैठक होगी। नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में सुबह 11:30 बजे से होने वाली इस बैठक में प्रदेश से जुड़े अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
इस बैठक में किसानों, सरकारी कर्मचारियों और राज्योत्सव की तैयारियों से जुड़े मुद्दों पर सबकी चर्चा हो सकती है।
धान खरीदी की तैयारियों पर नजर
प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की व्यवस्था अहम मुद्दा हो सकता है। ऐसे में खरीदी केंद्रों की तैयारी, किसानों की सुविधा और खरीदी से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा होने की संभावना है।
कर्मचारियों की मांगों पर टिकी निगाहें
इस बैठक में सरकारी कर्मचारी और पेंशनभोगी भी कैबिनेट बैठक से उम्मीद लगाए हुए हैं। महंगाई भत्ता (DA) और सेवा संबंधी मांगों पर किसी फैसले की उम्मीद है, वही बैठक में प्रदेश भर के पटवारियों की हड़ताल का मुद्दा उठ सकता है।
राज्योत्सव की तैयारियां जारी
छत्तीसगढ़ का राज्योत्सव 1 नवंबर से शुरू होना है। ऐसे में आयोजन की तैयारियों, कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की संभावना है।
पिछली बैठक में हुए थे ये फैसले
11 अक्टूबर को हुई पिछली कैबिनेट बैठक में गृह विभाग में आरक्षक के 36 पदों पर पूर्व अग्निवीरों की भर्ती को मंजूरी दी गई थी। इन पदों पर पूर्व अग्निवीरों के लिए श्रेणीवार 10% आरक्षण का प्रावधान भी किया गया था। इसके अलावा, आदिम जाति विकास विभाग का नाम बदलकर जनजातीय कार्य विभाग करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी।




