छत्तीसगढ़राजनीती

विधायक गोमती साय को गुजरात में सह-प्रभारी की जिम्मेदारी, Ex MLA सौरभ सिंह को बनाया गया झारखंड का सह-प्रभारी

रायपुर। भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर नियुक्तियां करते हुए छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को दूसरे राज्यों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी ने छत्तीसगढ़ के पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक गोमती साय को गुजरात का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, अकलतरा के पूर्व विधायक सौरभ सिंह को झारखंड का सह-प्रभारी बनाया गया है।

भाजपा की ओर से जारी नियुक्तियों के अनुसार, गुजरात में तरुण चुघ को प्रभारी बनाया गया है, जबकि गोमती साय और अजय महावर को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं झारखंड में गजेंद्र पटेल को प्रभारी नियुक्त किया गया है। झारखंड के सह-प्रभारियों में छत्तीसगढ़ के पूर्व विधायक सौरभ सिंह और बिहार की निवेदिता सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।

कौन हैं गोमती साय?

गोमती साय छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रमुख महिला नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ स्थानीय निकाय से लेकर संसद और विधानसभा तक का राजनीतिक सफर तय किया है। वर्तमान में वे पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं।

कौन हैं सौरभ सिंह?

सौरभ सिंह जांजगीर-चांपा जिले की अकलतरा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रह चुके हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत बहुजन समाज पार्टी (BSP) से की थी। वर्ष 2008 में वे पहली बार विधायक चुने गए। इसके बाद वर्ष 2018 में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर दूसरी बार विधानसभा पहुंचे। हालांकि, 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब भाजपा ने उन्हें झारखंड का सह-प्रभारी नियुक्त किया है।

Related Articles

Back to top button