देश

मोदी बोले- किसानों-कारोबारियों को गाली देने से देश नहीं बढ़ता:हमने 12 साल में इकोनॉमी बदली, राहुल ने कहा था- भारत आर्थिक संकट की ओर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि किसानों और कारोबारियों को गाली देने से देश आगे नहीं बढ़ता। उन्होंने कहा कि पिछले 12 साल में भारत की इकोनॉमी बदली है और 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।

PM का यह बयान राहुल गांधी के आरोपों के एक दिन बाद आया है। राहुल ने बुधवार को न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में कहा था कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। इसके पीछे बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी खामियां हैं।

पीएम मोदी की स्पीच की 6 बड़ी बातें

1. 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले

PM ने कहा कि 1970 के दशक में गरीबी हटाओ का नारा दिया गया था, तब भारत की आबादी करीब 50 करोड़ थी। लेकिन अर्थव्यवस्था पिछले 12-13 साल में बदली है। आज 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं।

2. भारतीय ग्राहकों को भी मिले एक्सपोर्ट जैसी क्वालिटी

पीएम ने कहा कि कुछ कंपनियां विदेशों के लिए बेहतर और भारत के लिए कम गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाती हैं। इस सोच को बदलना होगा। भारतीय ग्राहक भी अच्छी गुणवत्ता वाले सामान के हकदार हैं।

3. ग्लोबल मार्केट के अवसरों का फायदा उठाएं

प्रधानमंत्री ने कारोबारियों से घरेलू बाजार तक सीमित न रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि कंपनियों को दूसरे देशों की जरूरतों और ग्राहकों की पसंद समझकर उत्पाद तैयार करने चाहिए।

4. सरकार कारोबारियों के सुझावों पर करेगी काम

मोदी ने कहा कि सरकार रिफॉर्म एक्सप्रेस के जरिए लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने कारोबारियों से बिना झिझक अपनी समस्याएं और सुधारों से जुड़े सुझाव देने को कहा। सरकार उनके साथ खड़ी है।

5. रिसर्च और इनोवेशन पर दें ध्यान

पीएम ने कहा कि कंपनियों को ऐसे उत्पाद बनाने चाहिए, जो ग्राहकों की जरूरतों के मुताबिक हों और इस्तेमाल में आसान हों। इसके लिए बेहतर रिसर्च और नई तकनीक अपनाना जरूरी है।

6. अगले 10 साल में देश के लिए क्या करेंगे, यह सोचें

प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के लक्ष्य को सिर्फ नारा नहीं, बल्कि संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि हमें 100 साल का इंतजार करने के बजाय यह सोचना चाहिए कि अगले 10 साल में देश के विकास के लिए क्या योगदान दे सकते हैं।

फिक्की देश का बड़ा उद्योग और व्यापार संगठन

फिक्की (FICCI) यानी फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री भारत के बड़े उद्योग और व्यापार संगठनों में से एक है। इसकी स्थापना 1927 में हुई थी। यह संगठन देश की कंपनियों, कारोबारियों और उद्योगों के हितों की बात सरकार के सामने रखता है।

फिक्की सरकार को व्यापार, उद्योग, रोजगार और अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सुझाव भी देता है। इसका मकसद देश में कारोबार और उद्योगों को बढ़ावा देना, निवेश के नए मौके बनाना और आर्थिक विकास में मदद करना है। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है।

गुरुवार को फिक्की (FICCI) का वार्षिक सम्मेलन और वार्षिक आम बैठक (AGM) आयोजित हुई। इसका आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया गया। प्रधानमंत्री ने सम्मेलन का उद्घाटन किया और कारोबारियों व उद्योग जगत के लोगों को संबोधित किया।

Related Articles

Back to top button