
बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसे ‘अकवान’ नाम दिया जाएगा। चक्रवात के आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने का खतरा है।
मौसम विभाग ने 16 से 21 नवंबर तक आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
तेज हवाओं और ऊंची समुद्री लहरों की आशंका को देखते हुए मछुआरों को 20 नवंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
इधर, राजस्थान में दो दिन हुई बारिश के बाद सोमवार को सर्दी बढ़ गई। यूपी के 21 जिलों में कोहरा छाया हुआ है। उत्तराखंड के केदारनाथ-बद्रीनाथ समेत चारों धाम में रविवार को बर्फबारी हुई।
दिल्ली में AQI 800, अमेरिकी स्केल का दावा
दिल्ली-NCR में प्रदूषण की स्थिति खराब बनी हुई है। दिल्ली में सोमवार सुबह औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 216 दर्ज किया गया है। सिरी फोर्ट में सबसे ज्यादा AQI 346 दर्ज किया। हालांकि, अमेरिकी AQI स्केल AQI.in के मुताबिक, दिल्ली में हवा की गुणवत्ता 800 पहुंच चुकी है।



