
छत्तीसगढ़ में जल्द 5 सहकारी बैंक क्षेत्रों में कुल 1360 पदों पर भर्ती होगी। इनमें 198 पद जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के हैं, जबकि 1162 पद समिति प्रबंधकों के हैं। सबसे ज्यादा भर्ती रायपुर क्षेत्र में 508 पदों पर होगी। इसके बाद बिलासपुर में 444, बस्तर-जगदलपुर में 187, दुर्ग-राजनांदगांव में 154 और रायगढ़ में 67 पद भरे जाएंगे।
भर्ती में सबसे बड़ा हिस्सा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों यानी पैक्स का है। यहां समिति प्रबंधक के 1162 पद भरे जाएंगे। इनमें 596 पदों पर सीधी भर्ती होगी, जबकि 566 पद सीमित चयन के जरिए भरे जाएंगे। यानी युवाओं के लिए सीधे आवेदन कर नौकरी पाने का बड़ा मौका रहेगा।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में 198 पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें उप प्रबंधक, प्रोग्रामर, सहायक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, सहायक प्रोग्रामर और सामान्य सहायक जैसे पद शामिल हैं। इन कर्मचारियों के आने से बैंक के तकनीकी, प्रशासनिक और मैदानी काम संभालने में मदद मिलेगी।
21 अगस्त की बैठक के बाद तेजी से बढ़ी प्रक्रिया
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने 21 अगस्त को विभागीय समीक्षा बैठक में सहकारी बैंकों और समितियों में खाली पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद बैंकों से आए प्रस्तावों की जांच की गई और अब भर्ती की अनुमति दी गई है।
हालांकि, भर्ती की तारीख और आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी अभी अलग से जारी की जानी है। इसलिए फिलहाल 1360 पदों की अनुमति को ही भर्ती की शुरुआत माना जा सकता है।

