खेल

भारत के आयुष शेट्टी ने वर्ल्ड चैंपियन को हराया:बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप में 3 गेम में मात दी, पीवी सिंधु भी जीतीं

भारत के युवा बैडमिंटन स्टार आयुष शेट्टी ने बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप के पहले राउंड में वर्ल्ड चैंपियन और वर्ल्ड नंबर-1 चीन के शी यू ची को हरा दिया।

दुनिया में 22वें नंबर के खिलाड़ी आयुष ने मेंस सिंगल्स का यह मुकाबला 21-14, 13-21, 21- से जीता।

नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में सोमवार से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में भारत की पीवी सिंधु ने भी जीत से शुरुआत की। सिंधु ने विमेंस सिंगल्स के पहले राउंड में आयरलैंड की सोफिया नोबल को 29 मिनट में 21-7, 21-11 से हराया। दूसरे राउंड में सिंधु का मैच कनाडा की वेन यू झांग से होगा।

  • वर्ल्ड नंबर-9 सिंधु ने पहले गेम में 8-0 की बढ़त बना ली। फिर 21 साल की सोफिया को वापसी का मौका नहीं दिया।
  • दूसरे गेम में 141वीं रैंकिंग वाली नोबल ने बेहतर प्रदर्शन किया। ब्रेक तक सिंधु से सिर्फ 3 अंक पीछे थीं। फिर सिंधु ने अगले 13 में से 10 अंक जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

विमेंस डबल्स में त्रिसा-गायत्री जीतीं

विमेंस डबल्स में त्रिषा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने स्पेन के पाउला लोपेज और एल रोड्रिगेज को 21-9, 21-13 से हराया।

मेंस डबल्स में हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन ने आयरलैंड के स्कॉट गिल्डिया और पॉल रेनॉल्ड्स को हराया।

भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 21-16 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी भारतीय जोड़ी 6-4 से आगे थी, तभी आयरलैंड की जोड़ी ने चोट की वजह से मैच से हटने का फैसला किया।

खिलाड़ी रिटायर क्यों होते हैं, टॉप सीड क्या होता है और वर्ल्ड चैंपियनशिप खास क्यों?

1. मैच के बीच खिलाड़ी रिटायर क्यों होते हैं?

बैडमिंटन में रिटायरमेंट का मतलब है कि खिलाड़ी मैच शुरू होने के बाद उसे बीच में छोड़ देता है। इसका सबसे आम कारण चोट या शारीरिक परेशानी होती है। मांसपेशियों में खिंचाव, जोड़ों में दर्द या ऐसी चोट, जिससे आगे खेलना जोखिम भरा हो, इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं।

रिटायरमेंट होने पर विपक्षी खिलाड़ी को विजेता घोषित किया जाता है। यह वॉकओवर या विड्रॉल से अलग होता है, क्योंकि रिटायरमेंट में मैच शुरू हो चुका होता है।

2. टॉप सीड और डिफेंडिंग चैंपियन क्या होता है?

टॉप सीड वह खिलाड़ी या जोड़ी होती है जिसे टूर्नामेंट में उसकी रैंकिंग के आधार पर सबसे मजबूत दावेदार माना जाता है। सीडिंग का मकसद मजबूत खिलाड़ियों को शुरुआती दौर में एक-दूसरे के सामने आने से रोकना होता है।

वहीं डिफेंडिंग चैंपियन वह खिलाड़ी होता है जिसने पिछली बार टूर्नामेंट जीता हो और इस बार अपने खिताब को बचाने उतरा हो। इसलिए आयुष शेट्टी के सामने शी यू ची का मुकाबला खास है, क्योंकि शी यू ची डिफेंडिंग चैंपियन हैं।

3. वर्ल्ड चैंपियनशिप इतनी खास क्यों?

बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीतने वाला खिलाड़ी वर्ल्ड चैंपियन कहलाता है।

ओलंपिक चार साल में एक बार होता है और इसमें क्वालिफिकेशन के जरिए सीमित खिलाड़ी पहुंचते हैं। वर्ल्ड चैंपियनशिप आमतौर पर हर साल होती है, हालांकि ओलंपिक साल में इसका आयोजन नहीं होता।

वहीं ऑल इंग्लैंड ओपन एक ऐतिहासिक टूर्नामेंट है, लेकिन यह BWF वर्ल्ड टूर का सुपर 1000 इवेंट है। वर्ल्ड चैंपियनशिप सीधे BWF की वर्ल्ड चैंपियनशिप है, इसलिए दोनों का दर्जा अलग है।

Back to top button