रायपुर समेत 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट:40 किमी रफ्तार से चल सकती है हवा, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा

छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर समेत प्रदेश के 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और अचानक तेज हवा चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के भी आसार हैं। बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर एरिया के आगे बढ़ने से प्रदेश में बारिश की एक्टिविटी अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। खासकर दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
बालोद में सबसे ज्यादा 70 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे में बालोद में 70 मिमी, कवर्धा में 60 मिमी, कांकेर में 60 मिमी, सुकमा में 50 मिमी, जगदलपुर में 40 मिमी, मल्हारकोटा में 40 मिमी और अंबिकापुर में 40 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा पेंड्रा रोड, कुसमी, कोटा, तखतपुर, भाटापारा, डोंगरगढ़, कांकेर, बेमेतरा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, अकलतरा, अंबिकापुर, रायपुर और आसपास के कई इलाकों में भी बारिश हुई।
रायपुर में गरज-चमक के साथ पड़ेंगी बौछारें
रायपुर में भी आज (21 सितंबर) बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। राजधानी में दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

