कुल्लू। आधी रात को बीच जंगल में रेव पार्टी चल रही थी। काफी संख्या में विदेशी सैलानी मौजूद थे। सभी डीजे की धुनों पर थिरक रहे थे। काफी लोग नशे में धुत्त थे। अचानक वहां पुलिस पहुंच गई।
पुलिस को देख पर्यटकों में हड़कंप मच गया और वे भागने लगे। पुलिस ने रेव पार्टी करवाने वाले आयोजक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अन्य सामान भी जब्त किया है।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की पार्वती वैली के कसोल के साथ लगते एक जंगल में पुलिस ने रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने देर रात करीब ढाई बजे रेव पार्टी पर दबिश दी। डीजे की धुनों और नशे में धुत्त विदेशी और देशी पर्यटकों में हड़कंप मच गया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कसोल से चोज जाने वाले पैदल रास्ते के बीचों-बीच जंगल में आलीआगे नामक स्थान के पास बिना किसी परमिशन के अवैध रूप से विदेशी सैलानी रेव पार्टी कर रहे हैं।
एसआईयू निरीक्षक सुनील सांख्यान अपनी टीम के साथ पहाड़ी संकरी रास्ते से तकरीबन ढाई घंटे पैदल लकर रात को ढाई बजे मौके पर पहुंचे तो देखा कि 200 से ज्यादा सैलानी जंगल के बीचों-बीच डीजे की धुनों पर थिरक रहे थे।
पुलिस को देखकर विदेशी सैलानियों में भगदड़ मच गई और मौके पर डीजे को बंद कराया गया। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस ने प्रताप सिंह पुत्र बुद्धि सिंह निवासी गांव छलाल, डाकघर कसोल तहसील भुंतर के खिलाफ मामला दर्जकर गिरफ्तार कर लिया है।
पार्टी का आयोजन आरोपी के द्वारा ही किया जा रहा था। बिना किसी परमिशन के डीजे तथा पार्टी करवाई जा रही थी। मौके से कुछ नशीले पदार्थ (टैबलेट्स व कैप्सूल्स) भी जब्त किए गए जिनको जांच परीक्षण हेतु फोरेंसिक लैब भेजा जा रहा है।
इसके साथ ही दो लैपटॉप, एक जेनरेटर, चार स्पीकर, एक एंपलीफायर, एक कंट्रोलर भी जब्त किया गया है। फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगामी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
यह भी देखें :
Add Comment