रायपुर। दंतेवाड़ा सीट से छविन्द्र कर्मा के निर्दलीय चुनाव लडऩे की घोषणा से सियासत तेज हो गई थी। वहीं आज नाम वापसी के साथ ही उसने राहत भी दी है। आपको बता दें कि छविन्द्र कर्मा ने अपनी मां, वर्तमान विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी देवती कर्मा के खिलाफ चुनाव लडऩे का ऐलान कर दिया था।
वहीं मां को भरोसा था कि वो भले ही चुनाव मैदान में आ जाए, लेकिन प्रचार मां के समर्थन में ही करेगा। इसके साथ ही देवती कर्मा को भरोसा था कि वो अपने बेटे को मना लेगी। और आखिरकार हुआ भी वैसा… छविन्द्र कर्मा ने अपनी मां के समर्थन में आज नाम वापस ले लिया। इसके साथ ही दंतेवाड़ा में पिछले हफ्तेभर से जारी सियासी ड्रामे का पटाक्षेप भी हो गया।
वहीं इधर छविन्द्र कर्मा ने अंतिम समय में अपना नामांकन वापस लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भी बड़ी राहत दी है। अब तक यह चर्चा थी कि छविन्द्र कर्मा अपनी मां देबती कर्मा (कांग्रेस) के खिलाफ निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ेंगे। इससे जहां कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ गई थी तो वहीं दंतेवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी असमंजस की स्थिति बन गई थी।
बताया जाता है कि उन्हें मनाने की तमाम कोशिशें फेल हो गई थी। स्वयं पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल ने भी उन्हें मनाने की कोशिश की थी, लेकिन छविन्द्र कर्मा अपने निर्णय पर अडिग रहते हुए नामांकन तक दाखिल कर दिया था। लेकिन ऐन समय में छविन्द्र ने अपना निर्णय वापस लेते हुए नामांकन वापस ले लिया। इससे दंतेवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हर्ष है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने भी अब जाकर राहत की सांस ली है।
Add Comment