छत्तीसगढ़

बीएसपी कर्मियों के लिए राहत भरी खबर:रेल मिल के कर्मियों को 1070 रुपए तो एसएमएस के कर्मचारियों को दिया जाएगा 215 रुपए का उपहार

बीएसपी कर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। गिफ्ट वितरण को लेकर मंडरा रहे आशंका के बादल छंट गए हैं। प्रबंधन सभी विभाग के कर्मियों को गिफ्ट देने जा रहा है। राशि विभाग द्वारा किए गए परफॉर्मेंस के आधार पर दी गई है, जिस विभाग ने अधिक प्रॉफिट अर्जित किया है, उसके कर्मियों को अधिक और जिस विभाग ने कम प्रॉफिट कमाया है, उसके कर्मचारियों को कम राशि का गिफ्ट दिया जाएगा। इसके अनुसार रेल मिल के कर्मचारियों को सबसे अधिक 1070 रुपए का और एसएमएस विभाग के कर्मचारियों को दिया जाएगा 215 रुपए का उपहार।

वित्त वर्ष समाप्त होते ही नॉन मोटिवेशनल स्कीम को लेकर यूनियनें प्रबंधन पर लगातार दबाव बना रही थी। इसके बाद कुछ विभाग जिसमें कोक ओवन और बीआरएम जैसे एरिया शामिल हैं, उनके कर्मियों को गिफ्ट कर वितरण कर दिया गया। लेकिन बाकी विभागों में इसे लेकर किसी तरह की प्रक्रिया नहीं किए जाने से कर्मियों से लेकर यूनियन प्रतिनिधि स्कीम के क्रियान्वयन को लेकर आशंकित थे। यूनियन प्रतिनिधि तो प्रबंधन से मिलकर सभी कर्मियों को गिफ्ट दिए जाने का दबाव भी बना रहे थे। प्रबंधन द्वारा विभागवार कर्मियों की आय की जानकारी दी है। इससे कर्मचारी जा सकेंगे।

फरवरी-मार्च में 2.01 करोड़ आय अर्जित की
प्रबंधन ने प्रत्येक विभाग को उत्पादन लक्ष्य दिया था। उसी हिसाब से नॉन मोटिवेशनल स्कीम के तहत प्रत्येक कर्मी की आय की राशि निर्धारित की गई। उस फॉर्मूले के आधार पर फरवरी और मार्च में कर्मियों ने 2 करोड़ एक लाख 90 हजार 14 रुपए की आय की, जिसे 16304 कर्मियों के बीच गिफ्ट के रूप में वितरित किया जाएगा।

नॉन वर्क्स के कर्मियों को भी मिलेगा गिफ्ट
प्रबंधन ने वर्क्स एरिया के कर्मचारियों के साथ नॉन वर्क्स एरिया के कर्मचारियों को भी गिफ्ट देने का निर्णय लिया है। इसमें प्रोजेक्ट, पर्सनल एवं एडमिनिस्ट्रेशन, टाउनशिप, फाइनेंस, मटेरियल मैनेजमेंट, मेडिकल एरिया के कर्मी शामिल हैं। इनकी संख्या 2479 है। इन्हें 345 रुपए का उपहार दिया जाएगा।

गिफ्ट क्या देना है यह फैसला एचओडी करेंगे
प्रबंधन ने विभागवार कर्मियों की संख्या और आय की जानकारी उपलब्ध करा दी है। अब संबंधित विभाग की राशि प्रबंधन एचओडी को ट्रांसफर करेगा। उसके बाद गिफ्ट क्या दिया जाना चाहिए, यह निर्णय उनके विवेक पर निर्भर करेगा। यानि प्रत्येक विभाग को अलग-अलग गिफ्ट भी मिल सकता है।

2007 से इनसेंटिव रिवाइज नहीं होने से कर्मी नाराज
नॉन मोटिवेशनल स्कीम शुरू होने के पहले बीएसपी प्रबंधन कर्मचारियों को प्रेरित करने के लिए इनसेंटिव देता रहा है। इसे 2007 के बाद से रिवाइज नहीं किया गया है। इस कारण इनसेंटिव के रूप में कर्मियों को बहुत मामूली राशि ही मिल पा रही है। इसे रिवाइज करने यूनियन प्रतिनिधियों के प्रयास किया।

Back to top button
close