लोकसभा के लिए राहुल गांधी मांगेंगे जनता से समर्थन…विधानसभा चुनाव में जीत के लिए किसानों का जताएंगे आभार…10 दिनों में कर्ज माफ कर वादा किया पूरा दिलाएंगे याद…

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 28 जनवरी को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। यहां नया रायपुर में किसान आभार रैली में शामिल होकर लोकसभा चुनाव की हुंकार भरेंगे। साथ ही विधानसभा में ऐतिहासिक जीत के लिए प्रदेश की जनता और किसानों का आभार भी जताएंगे।
प्रदेश में किसान आभार रैली लोकसभा चुनाव को देखते हुए आहूत की गई है। इस रैली के माध्यम से राहुल गांधी ना केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देश के दूसरे राज्यों की जनता को भी यह संदेश देने की कोशिश करेंगे कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जो वादा किया उसे सरकार बनने पर पांच राज्यों में पूरा भी किया है। इस दावे के साथ जनता से राहुल यह भी अपील करेंगे कि कांग्रेस पर भरोसा करके केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनाएं।
राहुल गांधी आभार रैली के मंच से ही किसानों को याद दिलाएंगे कि उन्होंने विधानसभा चुनाव के पहले वादा किया था सरकार बनने पर 10 दिन में कर्ज माफ होगा। कांग्रेस सरकार ने उस वादे को पूरा किया है।
कांग्रेस ने सरकार बनने पर ना केवल छत्तीसगढ़ बल्कि राजस्थान और मध्यप्रदेश में भी किसानों का कर्ज माफ हुआ है। उसके पहले कर्नाटक और पंजाब में कर्ज माफ किया था। हाईकमान को उम्मीद है कि इन 5 राज्यों में किसानों का कर्ज माफ लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करेगा।