
कवर्धा। छठ्ठी कार्यक्रम से लौटते वक्त कवर्धा में बीती रात 13 लोगों से भरी मालवाहक घर की दीवार में जा घुसी। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, वहीं 11 लोग घायल हो गए। जिसमें 5 की हालत गंभीर है।
दुर्घटना शनिवार रात 11 बजे की है। कवर्धा वार्ड 2, कैलाश नगर का एक परिवार पिकअप में सवार होकर छठ्ठी कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम जरसी गए थे। वहां से लौटते वक्त ग्राम नेवारी के पास पिकअप बेकाबू हो गई।
तेज रफ्तार गाड़ी सड़क किनारे बने घर की दीवार से जा टकराई। जिससे गाड़ी में सवार महिला गुलाबा बाई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 11 लोग घायल हो गए। घायलों में 6 बच्चे भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
यह भी देखें : मध्यप्रदेश में एक और भाजपा नेता की हत्या…मॉर्निंग वॉक पर निकले थे मनोज ठाकरे…पत्थर से कुचला हुआ शव मिला…