कानपुर। हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के राइट हैंड रहे अमर दुबे को हमीरपुर के मौदहा में यूपी एसटीएफ ने बीते दिनों एनकाउंटर में मार गिराया था। अमर दुबे की पत्नी खुशी का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है,जिसमें खुशी हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के साथ नजर आ रही है।
खुशी अपने मामा से विकास के साथ एक फोटो खींचने के लिए कह रही हैं। यह कहा जा रहा था कि खुशी की शादी विकास दुबे ने जबरन अमर दुबे से कराई है। लेकिन यह वीडियो देखने के बाद कहीं से भी ऐसा नहीं लग रहा है कि खुशी की शादी जबरदस्ती कराई गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक फिलहाल पुलिस ने अमर की पत्नी खुशी को जेल से रिहा करवाने का फैसला टाल दिया है।
अमर दुबे की शादी बीते 29 जून को पनकी की रहने वाली खुशी से हुई थी। हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे ने अपने राइट हैंड अमर दुबे की शादी खुशी से अपने ही घर कराई थी। शादी के महज तीन दिनों बाद दो जुलाई की आधी रात विकास दुबे के घर पर पुलिस टीम दबिश देने के लिए पहुंची थी। इसी दौरान विकास दुबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर 8 पुलिस कर्मियों की हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में अमर दुबे पर भी शामिल होने का आरोप था।
बिकरू हत्याकांड को अंजाम देने के बाद फरार अमर दुबे को बीते 8 जुलाई को हमीरपुर के मौदहा में एसटीएफ ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। अमर दुबे की पत्नी खुशी शादी के महज चंद दिनों में विधवा हो गई थी। पुलिस ने अमर की पत्नी को बिकरू हत्याकांड की साजिश में शामिल होने का दोषी बताकर जेल भेजा था।
वीडियो और ऑडियो वायरल होने के बाद खुशी को जेल से रिहा कराने का फैसला टला
बिकरू हत्याकांड में रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं।मंगलवार को बिकरू हत्याकांड में शामिल शशिकांत की पत्नी मनु का एक ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें मनु विकास के छोटे भाई की पत्नी अंजली से बात कर घटना की जानकारी दे रही थी। इसके बाद ख़ुशी की शादी का भी एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमे खुशी विकास दुबे के साथ नजर आ रही है।
ये वीडियो और ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने खुशी को जेल से रिहा कराने का फैसला फिलहाल टाल दिया है। पुलिस ने कहा था कि खुशी को जेल से छुड़ाने के लिए 169 की कार्रवाई की जाएगी।
Add Comment