Breaking Newsदेश -विदेशस्लाइडर

देश में चार दिन बाद एक दिन में चार लाख से कम नए मामले, 3,747 मरीजों की मौत, महाराष्ट्र में एक महीने बाद एक दिन में 50000 से कम मिले मरीज

नई दिल्ली। कोरोना महामारी की दूसरी लहर में चार दिनों बाद पहली बार एक दिन में चार लाख से कम नए मामले मिले हैं और दैनिक मौतों का आंकड़ा भी चार हजार से कम रहा हुआ है। नए मामलों और ठीक होने वाले मरीजों की बीच का फासला भी तेजी से कम हो रहा है। जहां पहले इनके बीच एक लाख से ज्यादा का अंतर रहता था, अब कुछ हजार पर आ गया है। कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में एक महीने से ज्यादा समय के बाद 50 हजार से कम मरीज मिले हैं और मरने वालों की संख्या भी घटी है।

देश में एक दिन में 3,66,317 कोरोना के नए मामले मिले, 3,747 मरीजों की मौत
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से रविवार देर रात तक मिली रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटे में 3,66,317 नए मामले मिले हैं। पिछले चार दिनों से रोज चार लाख से ज्यादा नए मामले मिल रहे थे। इस दौरान 3,747 और मरीजों की मौत हुई है। पिछले दो दिनों से चार हजार से ज्यादा मौतें हो रही थीं। 3,53,580 मरीज पूरी तरह से ठीक हुए हैं। इस तरह कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर दो करोड़ 26 लाख 62 हजार को पार कर गया है। इनमें से अब तक एक करोड़ 86 लाख 65 हजार मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और 2,46,146 मरीजों की जान जा चुकी है। सक्रिय मामले 37,41,368 हो गए हैं।

महाराष्ट्र में पांच अप्रैल के बाद पहली बार एक दिन में 48,401 नए मरीज, 572 लोगों की मौत
इस दौरान महाराष्ट्र में 48,401 नए मरीज पाए गए हैं और 572 लोगों की मौत हुई है। पांच अप्रैल के बाद पहली बार महाराष्ट्र में 50 हजार से कम मामले मिले हैं। पिछले कुछ दिनों से राज्य में रोजाना आठ सौ से ज्यादा मौतें हो रही थी, वह भी कम हुई है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और केरल समेत अन्य कई राज्यों में दैनिक मामलों में कमी आई है, लेकिन कर्नाटक में हालात नहीं सुधर रहे। यहां 47,930 नए केस मिले हैं और 490 मौतें हुई हैं। उत्तर प्रदेश में 294, दिल्ली में 273, तमिलनाडु में 236, पंजाब में 191, छत्तीसगढ़ में 189, राजस्थान में 159 और हरियाणा में 151 और मरीजों की जान गई है।

Back to top button
close