
रायपुर के गोल बाजार में पाकिस्तान में बनी प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री की सूचना पर ड्रग डिपार्टमेंट की टीम ने दुकानों में छापा मारा है। ओम ब्यूटी और तमन्ना कॉस्मेटिक शॉप पर दबिश दी गई। ओम ब्यूटी में जांच के दौरान प्रतिबंधित पाकिस्तानी क्रीम मिली है। वहीं, तमन्ना कॉस्मेटिक शॉप में जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद यह क्रीम बाजार में बेची जा रही थी। दुकानदार ग्राहकों को चेहरे का रंग निखारने का दावा कर इसे बेच रहे थे।

800 रुपए के क्रीम को 300 में देने का दावा
जानकारी के अनुसार कुछ दुकानदार इस क्रीम को ग्राहकों को सस्ते दामों पर उपलब्ध कराने की बात कह रहे थे। ग्राहकों के रूप में की गई पड़ताल में एक दुकानदार ने दावा किया कि ऑनलाइन इसकी कीमत करीब 800 रुपए है, लेकिन वह इसे 300 रुपए में दे सकता है।
बैन के बावजूद दुकानों तक कैसे पहुंची क्रीम?
पाकिस्तान में बनी इस क्रीम की बिक्री को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि, आयात पर प्रतिबंध के बाद भी यह रायपुर के बाजारों तक कैसे पहुंची। गोल बाजार में ड्रग डिपार्टमेंट की टीम ने दुकानों में पहुंचकर जांच की।
गोरा करने के दावे के साथ बेची जा रही थी क्रीम
दुकानदार ग्राहकों को क्रीम लगाने से चेहरे का रंग गोरा होने का दावा कर रहे थे। इसकी कीमत 300 से 550 रुपए तक बताई जा रही है।
हालांकि, क्रीम में मरकरी यानी पारा होने की चेतावनी दी गई है। इसका इस्तेमाल किडनी और नर्वस सिस्टम के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।




