Breaking News

भालुओं के झुंड ने राहगीर पर किया हमला:चारामा में रात 12 बजे भालुओं से हुआ सामना; चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण

कांकेर जिले के चारामा ब्लॉक के हल्बा चौकी क्षेत्र के बड़ाटोला गांव में सोमवार देर रात भालुओं के झुंड ने एक राहगीर पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए कांकेर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, जेपरा निवासी मिथलेश गंगबेर सोमवार रात करीब 12 बजे बड़ाटोला क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका सामना भालुओं के झुंड से हो गया। भालुओं ने अचानक मिथलेश पर हमला कर दिया, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

हमले के दौरान मिथलेश की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख भालू जंगल की ओर भाग गए। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल युवक को संभाला और तत्काल संजीवनी 108 एंबुलेंस को सूचना दी।

108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया

सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल मिथलेश गंगबेर को कांकेर जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, भालू के हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज जारी है।

भालुओं की लगातार आवाजाही से दहशत

घटना के बाद बड़ाटोला सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार भालुओं की आवाजाही हो रही है। रात के समय जंगल और गांव के आसपास भालुओं के दिखाई देने से लोगों में डर बना हुआ है।

वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की मांग

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते भालुओं को गांव और मुख्य रास्तों से दूर नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ी घटना हो सकती है।

 

Related Articles

Back to top button