
नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रायपुर में आज शुक्रवार 16 अक्टूबर को जिला स्तरीय रोजगार मेला लगेगा। इसमें प्राइवेट सेक्टर की 6 कंपनियां 426 पदों पर भर्ती करेंगी। चयनित उम्मीदवारों को अधिकतम 30 हजार रुपए प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।
रोजगार मेले का आयोजन बैरन बाजार स्थित शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की उपसंचालक पुष्पा चौधरी ने बताया कि रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। इसमें 10वीं, 12वीं और स्नातक पास युवाओं के साथ ITI, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग की योग्यता रखने वालों को भी मौका मिलेगा।
6 कंपनियों में नौकरी का मौका
रोजगार मेले में ये कंपनियां शामिल होंगी:
- एलएक्सईआर कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड
- आईकैमेट एचआर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड
- आर.एस. इंक.
- शांता टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड
- एसएल फाइनेंशियल सर्विसेज एंड कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड
इंडिया हेल्प पॉइंट डॉट कॉम
इन कंपनियों में अलग-अलग पदों के लिए भर्ती की जाएगी। पद के अनुसार शैक्षणिक योग्यता, वेतन और कार्यस्थल अलग-अलग होंगे। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद की जानकारी जांचने की सलाह दी गई है।
साथ लेकर जाएं ये दस्तावेज
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक युवाओं को छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद निर्धारित समय पर रोजगार मेले में पहुंचना होगा।
अभ्यर्थियों को अपने साथ ये दस्तावेज रखने होंगे:
- रोजगार पंजीयन की जानकारी
- आधार कार्ड
- बायोडाटा
- शैक्षणिक योग्यता के प्रमाणपत्रों की छायाप्रति
- ITI, डिप्लोमा या इंजीनियरिंग से जुड़े प्रमाणपत्र, यदि लागू हों
- रोजगार मेले में निःशुल्क होंगे शामिल
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के अनुसार, रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों और नियोजक कंपनियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। पदों की संख्या, योग्यता, वेतन और कार्यस्थल की विस्तृत जानकारी रोजगार विभाग की वेबसाइट https://erojgar.cg.gov.in, छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप या जिला रोजगार कार्यालय, रायपुर से प्राप्त की जा सकती है।




