छत्तीसगढ़

रायपुर में BEd छात्रा को लिव-इन पार्टनर ने मार-डाला:गला घोंटा, अस्पताल में लाश छोड़कर भागा

रायपुर में बीएड छात्रा की उसके लिव-इन पार्टनर ने मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी युवती को मेकाहारा (अंबेडकर अस्पताल) लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की जानकारी मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।

घरवालों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान भारती नेताम और आरोपी की पहचान सावंत बघेल के रूप में हुई है। मामला मुजगहन थाना के बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है।

गर्लफ्रेंड को लिव इन पार्टनर अस्पताल में छोड़कर भागा

मुजगहन पुलिस के अनुसार, कांकेर जिले के ग्राम कोकपुर की रहने वाली भारती नेताम रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वह पिछले 6-7 महीने से कोंडागांव के सावंत बघेल के साथ बोरियाकला में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। सावंत डीएलएड का छात्र है।

भारती की बहन ने पुलिस को बताया कि सावंत अक्सर भारती पर शक करता था और उसके साथ मारपीट भी करता था। 4 अगस्त की रात भारती ने फोन कर अपनी बहन को बताया था कि सावंत ने उसके साथ मारपीट की है और वह वापस अपने गांव कोकपुर आना चाहती है।

बहन ने उसकी मदद के लिए किराए और अन्य खर्च के लिए 3 हजार रुपए ऑनलाइन भेजे थे। लेकिन भारती गांव लौट पाती, उससे पहले ही आरोपी ने उसे मौत के घाट उतार दिया।

गले और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान

5 अगस्त को जब परिजन मेकाहारा पहुंचे तो उन्होंने भारती का शव स्ट्रेचर पर पड़ा देखा। परिजनों के मुताबिक, उसके बाई आंख के पास, कनपटी पर चोट और खरोंच के निशान थे। वहीं गर्दन के पीछे और ठोड़ी पर भी चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मेकाहारा में लाश छोड़कर भागे आरोपी सावंत बघेल को हिरासत में लिया गया है। मुजगहन निरीक्षक अमित कौशिक ने इसकी पुष्टि की है।

 

Related Articles

Back to top button