रायपुर। चुनाव से पहले दुर्ग जिले को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। नेशनल हाइवे पर भिलाई से कुम्हारी के बीच चार फ्लाई ओव्हर ब्रिज प्रस्तावित है जिसका शिलान्यास 10 सितम्बर को केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के हाथों होने जा रहा है। यह कार्यक्रम चरोदा बस स्टैंड में आयोजित होगा।
जिसकी तैयारियां प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत की देखरेख में की जा रही है। प्रस्तावित ओव्हरब्रिज का शिलान्यास कार्यक्रम पहले 16 अगस्त को तय किया गया था जिसकी पूरी तैयारियां हो चुकी थी।
कार्यक्रम के लिए चरोदा में विशाल डोम का निर्माण भी कर लिया गया था, किन्तु 14 अगस्त को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल बलरामदास टंडन के आकस्मिक निधन के चलते कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा था।
भिलाई एवं रायपुर के बीच लगभग 26 किलोमीटर लम्बे फोरलेन पर बढ़ते यातायात के दबाव तथा परिवहन सम्बंधित अन्य समस्याओं को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा भिलाई एवं कुम्हारी के बीच चार स्थानों पर फ्लाईओव्हर निर्माण का निर्णय लिया गया है। इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा 350 करोड़ की स्वीकृति पहले दी जा चुकी है।
चारों फ्लाई ओव्हर निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। 10 सितम्बर को शिलान्यास की औपचारिकता पूरी करने के बाद चारों फ्लाई ओव्हर का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इन स्थानों पर बनेंगे फ्लाईओव्हर
भिलाई एवं कुम्हारी के बीच चार स्थानों पर फ्लाई ओव्हर निर्माण की स्वीकृति मिली है, जिनमें से 3 फ्लाईओव्हर भिलाई नगर निगम की सीमा में बनेंगे। इनमें पहला घड़ी चौक सुपेला से चंद्रा-मौर्या चौक तक, दूसरा पॉवर हाउस चौक में तथा तीसरा डबरापारा चौक पर प्रस्तावित है। चौथा फ्लाई ओव्हर कुम्हारी चौक पर बनेगा।
यहाँ भी देखे : बलौदाबाजार में छात्राओं पर प्रशासनिक डंडे की निंदा, ‘AAP’ ने मांगा SDM का इस्तीफा
Add Comment